राष्ट्रीय
03-Mar-2026


आगरा (ईएमएस)। यूपी के आगरा जिले में बाह-फतेहाबाद मार्ग पर मंगलवार तड़के कार और ट्रक में सामने से भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में एक मासूम सहित दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने आधा घंटे बाद कार को काटकर शव को बाहर निकाला। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया है। पुलिस के मुताबिक मंगलवार सुबह 4ः53 बजे की करीब कार चालक भूरी सिंह पुत्र सरनाम सिंह निवासी अनुपुरा थाना गोहद भिंड, मध्य प्रदेश नोएडा से अपनी पत्नी चंद्रिका, पुत्री अन्यया (11), शिवन्या (7), तनु (5) के अलावा अपने साथी रामकुमार (45) पुत्र बांकेलाल और उनकी पत्नी रेखा (40) व उनके बच्चे सुशांत (11), मनदीप (8) वर्ष के साथ नोएडा से होली के त्योहार पर अपने घर जा रहे थे। जैसे ही मंगलवार सुबह 4ः53 बजे के करीब बाह फतेहाबाद मार्ग पर अरनोटा पुल के पास पहुंचे, तो बाह की तरफ से आ रहे ट्रक से कार की आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में तनु की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कार में दूसरी साइड आगे की सीट पर रामकुमार गंभीर रूप से घायल होकर अंदर फंस गए। पुलिस ने कार काटकर जब तक उन्हें बाहर निकाला, तब तक उनकी की भी मौत हो गई। वहीं कार में बैठे सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जितेन्द्र 03 मार्च 2026