- बीमारी का बहाना बहनाकर गहने पहने निकली और हो गई फरार भोपाल(ईएमएस)। राजधानी भोपल की देहात क्षेत्र की बैरसिया थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर ठगी करने वाली एक कथित ‘लुटेरी दुल्हन’ और उसकी महिला साथी को गिरफ्तार किया है। आरोपिया युवती ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक से शादी के नाम पर रकम और कीमती जेवरात ऐंठे और बाद में बीमारी को बहाना बनाकर चंपत हो गई थी। शिकायत मिलने पर तुरंत ही एक्शन में आई पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया वहीं उनके अन्य साथियो की तलाश की जा रही है। थाना पुलिस के अनुसार ग्राम मेगरा कलां निवासी दशरथ सिह बघेल पिता बुदेल सिह बघेल ने बीती 3 मार्च को थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया था की उनकी पहचान गोपाल सिंह मीणा से थी। बातचीत के दौरान शादी कराने के नाम पर गोपाल सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसे एक युवती दिखाई, जिसका नाम शिवानी कुशवाह निवासी बताया गया। साथ ही यह भी कहा कि वह लड़की काफी गरीब परिवार से है, इसलिये उसे ही शादी के लिए कुछ रकम भी उसके परिवार को देनी होगी। शादी करने की जल्दी और परिचित पर विशवास कर दशरथ सिंह बिना ज्यादा जानकारी जुटाए उनकी बातों में आ गए। बाद में 29 जनवरी 2026 को गोपाल सिंह मीणा अपने साथियों के साथ युवती को लेकर दशरथ के घर पहुंचा। यहां युवती को दशरथ द्वारा दिए गए गहने पहनाकर उसके घर छोडकर रूपये लेकर चला गया । - कुछ देर बाद पेट दर्द का बहाना बनाकर हो गई चंपत इसके थोड़ी देर बाद ही दुल्हन बनी युवती ने पेट दर्द का बहाना बनाकर अस्पताल ले जाने की बात कही। दशरथ सिंह उसे इलाज के लिए गांव से बैरसिया अस्पताल लेकर पहुंचा। लेकिन यहॉ आरोपियो की योजना के मुताबिक लुटेरी दुल्हन पहले से ही मौजूद अन्य साथी के साथियो के साथ बाइक पर बैठकर फरार हो गई। - बाद में फरियादी से और रकम मांगी, न देने पर दी दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी लुटेरी दुल्हन गिरोह का शिकार बने फरियादी दशरथ के पास आरोपियों के फोटो थे। उसने जब अपने स्तर पर उनकी तलाश के दौरान जब फरियादी की उनसे बैरसिया बस स्टैंड पर मुलाकात हुई तो तब आरोपियों ने उसे धमकाते हुए कहा कि यदि उसने और रकम नहीं दी तो वह महिला से शिकायत कर उसे झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसा देंगे। वहीं युवती ने अपना असली नाम पप्पी जाटव बताया और कहा कि वे लोग लंबे समय से इस तरह की वारदात कर रहे हैं। - शिकायत मिलते ही एक्शन में आई पुलिस, चंद घंटों में किया गिरफ्तार शिकायत मिलने पर थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रकरण दर्ज कर तुरंत की कार्यवहाी शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मुख्य आरोपिया लुटेरी दुल्हन पप्पी जाटव पिता करनसिंह जाटव (21) निवासी शांतिकुंज बैरसिया और उसकी साथी महिला रोशनी जाटव पति बहादूर गुर्जर (22) निवासी मेलाग्राउण्ड बैरसिया को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने वारदात कबूल कर ली हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश जेल भेज दिया गया है। मामले में गिरोह के अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे है।पुलिस इस बात की भी जॉच कर रही है, की गिरोह ने इससे पहले भी तो इस तरह की वारदातो को अंजाम दिया है या नहीं। जुनेद / 5 मार्च