क्षेत्रीय
05-Mar-2026
...


- लाश को ऑटो से सड़क पर फैक कर भाग गए भोपाल(ईएमएस)। राजधानी के निशातपुरा थाना इलाके में बुधवार रात अज्ञात बदमाशों ने युवक की सीने में चार बार बेरहमी से चाकू घोपंकर हत्या कर दी। और बाद में उसकी लाश को बेस्ट प्राइस के पास 80 फीट रोड पर ऑटो से फेंककर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पहुचीं पुलिस ने मृतक की पहचान अरविंद मीणा (19) पुत्र हल्केराम मीणा, निवासी प्रताप नगर 80 फीट रोड थाना निशातपुरा के रूप में करते हुए पीएम के बाद शव को गुरुवार दोपहर परिजनों को सौंपते हुए आगे की कार्यवाही शुरु कर दी है। जानकारी के अनुसार मृतक अरविंद के परिजनो ने पुलिस को बताया की अरविंद एक कपड़े की दुकान पर सेल्समैन की नौकरी करता था। बुधवार शाम तक वह दोस्तों के साथ होली खेल रहा था। होली खेलने के बाद अरविंद अपने दोस्त विशाल ठाकुर उर्फ भूरा और सचिन के साथ घूमने के लिए चला गया था। आखिरी बार उसे इन्हीं दोनों के साथ देखा गया था। बाद में उसके दोनों दोस्त अकेले मोहल्ले में आए। इधर देर रात अज्ञात बदमाशों ने अरविंद का शव अर्धनग्न हालत में ऑटो से 80 फीट रोड पर फेंक दिया। शव के ऊपरी हिस्से में कपड़े नहीं थे। मृतक के पिता हल्केराम मीणा का कहना है कि बेस्ट प्राइस के पास भीड़ देखकर वे वहां रुके। पास जाकर देखने पर सड़क पर पड़ा शव उनके बेटे का नजर आया। मामले में पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू करते हुए आरोपियों की पहचान जुटाने के प्रयास शुरु कर दिये है। जुनेद / 5 मार्च