- नेहरू नगर स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में जमकर उड़ा रंग-गुलाल - डीजे की धुन पर झूमते नजर आए पुलिस अधिकारी-कर्मचारी भोपाल(ईएमएस)। राजधानी भोपाल में गुरुवार को नेहरू नगर स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डीजीपी कैलाश मकवाना, पुलिस कमिश्नर संजय कुमार, एसीपी, आरआई सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे। समारोह के दौरान डीजे की धुन पर पुलिस अधिकारी और कर्मचारी फिल्मी गीतों पर जमकर झूमते नजर आए। पुलिस लाइन में आयोजित होली मिलन समारोह में रंग-गुलाल के साथ होली खेली गई। कार्यक्रम में पहुंचे पुलिसकर्मी और उनके परिजन रंगो सराबोर नजर आए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार होलिका दहन से लेकर होली खेलने तक शहर में सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस ने लगातार 72 घंटे ड्यूटी की थी। परंपरा के अनुसार पुलिसकर्मी होली के अगले दिन सामूहिक रूप से उत्सव मनाते हैं। अधिकारियो ने आगे बताया की हर साल की तरह इस साल भी भोपाल पुलिस लाइन में होली मिलन समारोह का विशेष आयोजन किया गया जिसमें सभी पुलिस अधिकारी और कर्मचारियो ने परिवार सहित शामिल होकर आपसी सौहार्द के साथ मिलकर त्योहार मनाया हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य टीमवर्क को मजबूत करना और आपसी समन्वय बढ़ाना है।इस आयोजन में वरिष्ठ अधिकारियों से लेकर थानों तक के सभी अधिकारी-कर्मचारी शामिल होते हैं। उन्होंने कहा कि होली रंगों और खुशियों का त्योहार है, इसलिए सभी लोग कानून-व्यवस्था का पालन करें और देश की उन्नति में अपना योगदान दें। कार्यक्रम में डीजे लगाकर पुलिसकर्मियों ने होली का जश्न मनाया और जमकर डांस किया। वहीं शहर के कुछ थानों में स्टाफ ने अपने स्तर पर एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की बधाई दी। आला अफसरो ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक-दूसरे को रंग और गुलाल लगाया। कार्यक्रम में फाग गीतो सहित कई फिल्मी गीतो पर पुलिस कर्मियो सहित परिवार थिरकते नजर आए। जुनेद / 5 मार्च