भोपाल(ईएमएस)। शहर के ऐशबाग थाना इलाके में रहने वाले एक निजी कॉलेज के प्रोफेसर की होली के दिन मौज मस्ती करते समय संदिग्ध हालात में मौत हो जाने की घटना सामने आई है। बताया गया है की होली खेलने के दौरान दोस्तों के साथ भांग पीने के बाद उसकी तबीयत अचानक खराब होने लगी। उसे इलाज के लिये अस्पताल पहुचांया गया जहॉ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार कृष्णा नायक (25) पुत्र उमेश नायक, निवासी अभिरुची परिसर ऐशबाग ने भोपाल के एक निजी संस्थान से बीटेक की पढ़ाई की थी। वह एक प्राइवेट कॉलेज में प्रोफेसर थे, साथ ही एमपी नगर स्थित एक निजी कोचिंग में छात्रों को पढ़ाते भी थे। पुलिस के अनुसार प्रोफेसर कृष्णा नायक ने बुधवार शाम तक दोस्तों के साथ होली खेली थी। इस दौरान उन्होंने दोस्तों के साथ भांग भी पीकर जमकर डांस किया। बाद में घबराहट होने पर वह एक दोस्त के कमरे में गए और वहां अचानक बेसूध होकर जमीन पर गिर पड़े। दोस्तों ने उन्हें फौरन ही इलाज के लिये अस्पताल पहुंचाया, जहां कुछ देर चले इलाज के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पहुचीं पुलिस ने मर्ग कायम कर गुरुवार दोपहर शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिवार वालो को सौंप दिया है। मृतक कृष्णा के रिश्तेदार बेनी प्रसाद शर्मा का कहना है की वह होली मनाने के लिए वह नवीन नगर में रहने वाले अपने दोस्त के फ्लैट पर पहुंचा। वहॉ उसने दोस्तों के साथ जमकर रंग खेला। उसने एक लीटर दूध में भांग की 6 गोली डाली। इसके बाद तैयार हुई भांग को अकेले ही पी गया था। वहीं पुलिस ने शुरुआती जांच में हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारण का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा जिसके आधार पर ही आगे की कार्यवाही की दिशा तय की जायेगी। जुनेद / 5 मार्च