क्षेत्रीय
05-Mar-2026


छिंदवाड़ा (ईएमएस)। होली के पावन अवसर पर जिले में सड़क हादसों के चलते कई घरों में मातम पसर गया है। मंगलवार की शाम गांव और परिवार के लोग होली की तैयारियों में जुटे थे, लेकिन एक फोन ने होली की खुशी को मातम में बदल दिया। जैसे जैसे लोगों को जानकारी हुई, सभी माचागोरा की तरफ रुख करने लगे। कुछ लोग चौरई के लिए रवाना हो गए। ऐसे में घर के बाहर मौजूद लोग घटना को लेकर एक दूसरे से जानकारी करते दिखे। इस घटना से गांव में पूरी तरह मातम पसरा रहा। इस दर्दनाक हादसे के बाद हर किसी की आंखें नम थीं। यहां ग्रामीण महिलाएं रोते विलाप करते स्वजन को संभालती तो कभी अपने आंसू पोंछती नजर आई। सिहोरा माचागोरा रोड पर होली के दिन दो बाइकों की आमने-सामने की भीषण टक्कर में 4 युवकों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। हादसा चौरई क्षेत्र के अंतर्गत धनोरा गोसाई पुलिया के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइकें टकराईं। हादसा इतना दर्दनाक था कि मौके पर ही दो युवकों ने दम तोड़ दिया, जबकि दो ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल एक युवक को नागपुर रेफर किया गया है। मामले में चौरई थाना प्रभारी मोहन मर्सकोले ने बताया कि चौरई वार्ड नं. एक निवासी विनोद यादव अपने दोस्त राहुल पिता परसादी कहार तथा संदीप पिता रामप्रसाद विश्वकर्मा के साथ एक बाइक पर सवार होकर मचागोरा डेम जा रहे थे। इसी दौरान धनौरा गांव के पास सामने से आ रहे दूसरी बाइक पर सवार राहुल पिता ओंमकार पाल अपने साथी पंकज के साथ आ रहे थे। तभी दोनों की बाइक आपस में टकरा गई। इस हादसे में पांचों युवकों को गंभीर चोटें आईं थीं। इनमें से दो की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक हादसे में जान गवाने वालो में राहुल पाल, विनोद पिता सुरेश यादव, राहुल कहार और संदीप विश्वकर्मा शामिल है। जबकि पंकज का इलाज चल रहा है। सभी मृतकों की उम्र २८ से ३० वर्ष की बताई जा रही है। हादसे की वजह बाइक का तेज रफ्तार बताई जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा और पोस्टमार्टम कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पेड़ से टकराई बाइक, पुत्र की मौत, पिता घायल दूसरा सड़क हादसा लावा घोघरी थाना क्षेत्र के गाड़ा गोड़ई के पास जहां पेड़ से टकरा जाने से पुत्र की मौत हो गई। वहीं पिता और एक पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि मंगलवार को लावा घोघरी निवासी भूरा शीलू अपने दो पुत्र अंकुश और 6 वर्षीय अंकित शीलू को लेकर छिंदवाड़ा की तरफ आ रहा था। अचानक गाय सामने आ गई। उसे बचाने के फेर में बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में अंकुश की मौत हो गई, जबकि उसके पिता भूरा शीलू और छह वर्षीय पुत्र अंकित शीलू घायल हो गए। होली मनाने जा रहे दो युवक हादसे का शिकार तीसरा सड़क हादसा देहात थाना क्षेत्र के रोहनाकला का है। जहां होली मनाने जा रहे युवकों की बाइक विपरीत दिशा से आ रही बाइक से टकरा गई। हादसे में दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि पठराकला निवासी पंकज पिता राजू चौरासे अपने साथी अरविंद पिता बुद्दनशाह सरयाम के साथ होली मनाने के लिए पठरा जा रहे थे। इसी दौरान रोहना बाईपास मार्ग पर सामने से आ रही बाइक से इनकी सीधी भिडं़त हो गई। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आईं थीं। उपचार के लिए इन्हें जिला अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने इन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे का शिकार हुआ बाइक सवार चौरई थाना क्षेत्र का है। जहां सड़क हादसे में २४ वर्षीय युवक की जान चली गई। अस्पताल पुलिस चौकी से मिली जानकारी के अनुसार सिदप निवासी नितेश पिता मंदराम उइके (४७) अपनी बाइक से लौट रहा था। तभी गांव के समीप ही वह सड़क हादसे का शिकार हो गया। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं थीं। उपचार के लिए उसे जिला अस्पताल लाया गया था। जहां उसकी मौत हो गई। जहर खाने से चार की मौत जहर खाने की चार अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई। अस्पताल पुलिस चौकी से मिली जानकारी के अनुसार उमरेठ के रिधोरा निवासी रामकृष्ण पिता धनाराम पवार (६८) ने दो मार्च को अज्ञात कारणों के चलते जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। उपचार के दौरान उसकी अस्पताल में मौत हो गई। जहर खाने का दूसरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। यहां रहने वाले कीर्ति राज पिता वीरसिंह ठाकुर (४७) ने अज्ञात कारणों के चलते जहरीला पदार्थ का सेवन कर लिया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जहर खाने का तीसरा मामला अमरवाड़ा के चनेरी का है। यहां रहने वाले रामदास पिता लालजी यादव (५५) को जहर खाने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उपचार के दौरान बुधवार को दम तोड़ दिया। चौथा मामला जुन्नारदेव के सेमर नवेगांव का है। यहां रहने वाले दामदयाल पिता धरमू मर्सकोले (३४) ने अज्ञात कारणों के चलते जहरीला पदार्थ का सेवन कर लिया। जिससे उसकी मौत हो गई। विवाद में गिरने से युवक की मौत कुंडीपुरा थाने की धरमटेकरी चौकी अंतर्गत खापाभाट में मंगलवार को धुरेंडी की शाम २४ वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थिति में गिरने से युवक की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि खापाभाट निवासी विशाल पिता रमेश धुर्वे (२०) अपने दोस्तों के साथ होली मना रहा था। इसी दौरान उसका विवाद हो गया। विवाद के बाद वह अचानक जमीन पर गिर गया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि युवक की मौत किन परिस्थिति में हुई इसकी जांच की जा रही है। ईएमएस/मोहने/ 05 मार्च 2026