क्षेत्रीय
05-Mar-2026


अब समाज सेवी संगठन के जरिए काम करने का किया ऐलान छिंदवाड़ा (ईएमएस)। भारतीय गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने छिंदवाड़ा जिलाध्यक्ष देवरावेन भलावी उर्फ देवीराम को ५ मई को पार्टी से ६ साल के लिए निष्कासित कर दिया है। देवरावेन सहित पार्टी के अन्य ४ पदाधिकारियों पर निष्कासन की कार्यवाही की गई है। देवरावेन पर आरोप है कि उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से पार्टी विरोधी गतिविधियां की है जिससे संगठन की छवि खराब हुई है। वहीं दूसरी तरफ निष्कासन के बाद देवरावेन ने सोशल मीडिया में जो स्टेटस डाला हुआ है वह काफी चर्चा में बना हुआ है। दरअसल उन्होंने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कमलेश टेकाम सहित गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के सभी पदाधिकारियों पर उन्हें पार्टी से बाहर निकालने में एड़ी चोटी तक मेहनत करने पर उन्हें सेवा जोहर का संदेश देते हुए आभार माना है। गौरतलब है कि गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की छिंदवाड़ा ईकाई में पिछले कुछ दिनों से देवरावेन को हटाने की सुगबुगाहट चल रही थी। पिछले दिनो प्रदेश संगठन स्तर पर जो नियुक्ति की गई थी उसमें देवरावेन को हटाकर उनकी जगह धनपाल धुर्वे उर्फ धन्नू को जिलाध्यक्ष नियुक्त कर दिया गया था, लेकिन अचानक दूसरे दिन इस नियुक्ति पर भी रोक लगा दी गई। ४ पदाधिकारी निष्कासित छिंदवाड़ा के जिलाध्यक्ष देवरावेन सहित युवा प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष प्रवीण धुर्वे, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष संदीप इनवाती सहित सिवनी जिले के रावेन शाह उईके इन ४ पदाधिकारियों को गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के प्रदेश संगठन द्वारा ६ साल के लिए निष्कासित किया गया है। इन सभी पदाधिकारियों पर सोशल मीडिया में पार्टी की छवि को धूमिल करने, प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ व्यंग्यात्मक टिप्पणी करने और पार्टी के निर्देशों का पालन नहीं करने के आरोप लगे थे। मंडला में ५ मार्च को गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की प्रदेश स्तरीय बैठक में इन मुददों को लेकर कार्यवाही की गई है। अन्य पदाधिकारियों को नोटिस जारी गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सतीश नागवंशी ने बताया कि पिछले दिनों देवरावेन भलावी के ऊपर पार्टी की छवि को धूमिल करने और कुछ लोगों से आदिवासियों की जमीन के नाम पर रूपए मांगने के आरोप लगे थे इसके ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। जिसके चलते पार्टी द्वारा उन्हें निष्कासित कर दिया गया है। ईएमएस/मोहने/ 05 मार्च 2026