क्षेत्रीय
05-Mar-2026


सांसद की पहल पर कलेक्टर के साथ हुई बैठक, स्थायी समाधान का आश्वासन छिंदवाड़ा (ईएमएस)। जिले में इन दिनों अवैध खनिज उत्खन्न और परिवहन को लेकर कलेक्टर हरेंद्र नारायन के निर्देशन में जिले में ताबड़तोड़ कार्यवाही चल रही है। राजस्व और खनिज विभाग के संयुक्त अमले द्वारा पिछले १५ दिनों में दर्जनों अवैध परिवहन के प्रकरण दर्ज किए गए हैं। आरोप है कि खनिज विभाग की इस कार्यवाही के दौरान कुछ ऐसे वाहनों पर भी अवैध परिवहन का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है जो तर्क संगत नहीं था इन्हीं मुद्दो को लेकर बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर एसोसिएशन परेशान था जिसे लेकर बीते दिनों संगठन के पदाधिकारियों ने सांसद विवेक बंटी साहू से मुलाकात कर इस मामले का स्थायी समाधान निकालने की अपील की थी। जिसके बाद सांसद विवेक बंटी साहू ने कलेक्टर हरेंद्र नारायन से मुलाकात कर गुरूवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर संघ की संयुक्त बैठक आयोजित की। इस बैठक में एसोसिएशन के सदस्यों ने खनिज विभाग की कार्यवाही को लेकर कई व्यवहारिक दिक्कतों की बातें बताई जिस पर कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने आश्वासन दिया है कि इन समस्याओं का कानूून के दायरे में तार्किक और स्थायी समाधान निकाला जाएगा। क्या हो रही परेशानी बिल्डिंग मटेरियल एसोसिएशन ने बताया कि वैध रॉयल्टी होने के बाद भी शिफ्टिंग के दौरान उन पर अवैध परिवहन के मामले दर्ज किए जा रहे हैं। यदि रेत बालाघाट से आ रही है और उसे तामिया भेजना है इसकी जगह यदि आर्डर कैंसिंल होने पर ७ घंटे के अंदर ही दूसरे विकासखंड में भेजी जा रही है तो भी खनिज विभाग द्वारा अवैध परिवहन का प्रकरण दर्ज किया जा रहा है। बैठक में सांसद विवेक बंटी साहू और कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने जल्द ही उनकी समस्याओं का समाधान करने की बात कही है। इस दौरान बैठक में भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष नवीन बारसकर, बिल्डिंग मेटेरियल सप्लायर एसोसिएशन के पदाधिकारी अजय बजाज, अज्जू लालवानी, टिंकू राऊत, विजय कराड़े सहित डंपर और ट्रैक्टर एसोसिएशन के सभी सदस्य मौजूद रहे। ईएमएस/मोहने/ 05 मार्च 2026