नई दिल्ली (ईएमएस)। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण दुबई में फंसे उत्तम नगर निवासी रौनक दहिया सुरक्षित स्वदेश लौट आए हैं। रौनक 24 फरवरी को हनीमून के लिए दुबई गए थे, लेकिन 28 फरवरी के बाद ड्रोन हमलों से हालात बिगड़ गए और उड़ानें रद होने से फंस गए। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण प्रभावित क्षेत्रों में फंसे भारतीयों की स्वदेश वापसी का सिलसिला तेज हो गया है। इसी क्रम में उत्तम नगर निवासी रौनक दहिया बृहस्पतिवार की भोर में दुबई से दिल्ली लौट आए। रौनक 24 फरवरी को अपनी पत्नी के साथ हनीमून पर दुबई गए थे। उन्होंने बताया कि 28 फरवरी तक वहां हालात सामान्य थे, लेकिन इसके बाद स्थिति अचानक बदल गई। क्षेत्र में ड्रोन हमलों की खबरें आने लगीं। अधिकांश ड्रोन को आकाश में ही मार गिराया जा रहा था, हालांकि कुछ इमारतों पर भी गिरने की घटनाएं हुईं। आसपास की इमारतों में धमाकों की आवाजें सुनाई देती थीं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया। रौनक के अनुसार, इन परिस्थितियों में कई रातें भय और अनिश्चितता के बीच गुजारनी पड़ीं। स्वदेश लौटने के बाद उनके परिवार में खुशी की लहर दौड़ पड़ी। उन्होंने बताया कि वहां के शासन-प्रशासन का रवैया काफी सहयोगात्मक रहा। उन्होंने बताया कि उनकी वापसी की फ्लाइट दो मार्च को तय थी, लेकिन उड़ानें बंद होने के कारण वे वहीं फंस गए। इसके बावजूद होटल प्रबंधन ने अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई। साथ ही प्रशासन की ओर से लोगों को केवल अतिआवश्यक होने पर ही होटल से बाहर निकलने की सलाह दी गई थी।