नई दिल्ली (ईएमएस)। पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क में एक अज्ञात व्यक्ति सड़क किनारे अचेत मिला, जिसकी अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस को आशंका है कि किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से उसकी जान गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया गया है। पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में संदिग्ध हालात में एक व्यक्ति की मौत का मामला सामने आया है। वीरवार रात पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और व्यक्ति को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने घायल व्यक्ति को इलाज के लिए जग प्रवेश चंद्र अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हुआ होगा, जिससे उसकी जान चली गई। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया है और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है, ताकि हादसे की सही वजह और मृतक की पहचान का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और मृतक की पहचान होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।