व्यापार
06-Mar-2026


- वैश्विक क्रिप्टोकरेंसी बाजार का कुल मूल्य 2.40 ट्रिलियन डॉलर पर मुंबई (ईएमएस)। मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और ईरान–इज़राइल–संयुक्त राज्य संघर्ष के असर से क्रिप्टोकरेंसी बाजार में गिरावट देखी जा रही है। शुक्रवार सुबह तक वैश्विक क्रिप्टोकरेंसी बाजार का कुल मूल्य 2.40 ट्रिलियन डॉलर पर पहुंच गया, जो एक दिन पहले 2.46 ट्रिलियन डॉलर था। 24 घंटे में लगभग 2.46 फीसदी की गिरावट से कुल बाजार मूल्य में 0.06 ट्रिलियन डॉलर (5.50 लाख करोड़ रुपए) की कमी हुई। दुनिया की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन में 3 फीसदी से अधिक की गिरावट आई और यह लगभग 70,500 डॉलर पर कारोबार कर रही है। दूसरी सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी एथेरियम भी लगभग 3 फीसदी फिसल गई। इसके अलावा बीएनबी, एक्सआरपी और सोलाना में क्रमशः 1.5, 2 और 2.5 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। जहां बड़ी क्रिप्टोकरेंसी दबाव में हैं, वहीं पाई नेटवर्क में 24 घंटे में 8 फीसदी से अधिक की तेजी आई और यह 0.1985 डॉलर तक पहुंच गई। पिछले एक हफ्ते में यह मुद्रा 17 फीसदी से अधिक बढ़ चुकी है। निवेशक इसे भविष्य की संभावित बड़ी क्रिप्टोकरेंसी के रूप में देख रहे हैं। इसके अलावा ट्रॉन और बिटगेट टोकन में भी मामूली बढ़त देखी गई। भू-राजनीतिक तनाव और बड़ी क्रिप्टोकरेंसी में गिरावट के बीच निवेशक सतर्क हैं। बाजार में अस्थिरता बढ़ गई है और जोखिम प्रबंधन पर जोर दिया जा रहा है। छोटे टोकन में बढ़त के बावजूद कुल मिलाकर निवेशक परिस्थितियों पर नजर बनाए हुए हैं। सतीश मोरे/06मार्च ---