व्यापार
06-Mar-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। भारतीय डॉलर के मुकाबले शुक्रवार को भारतीय रुपया 25 पैसे की गिरावट के साथ ही 91.85 पर बंद हुआ। गत दिवस रुपया 91.62 पर बंद हुआ था। आज सुबह शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले दो पैसे मजबूत होकर 91.62 के स्तर पर था। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बीच भारतीय रिफाइनरी को रूसी तेल खरीदने के लिए अमेरिका द्वारा 30 दिनों की छूट देने से रुपये को समर्थन मिला। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि अमेरिकी मुद्रा में गिरावट के बावजूद, घरेलू शेयर बाजारों के नकारात्मक रुख और विदेशी कोषों की निकासी ने रुपये की बढ़त को सीमित किया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया अपने पिछले बंद भाव 91.64 पर खुला और डॉलर के मुकाबले दो पैसे की बढ़त के साथ 91.62 पर पहुंच गया। पिछले दो सत्रों में 97 पैसे की गिरावट के बाद गुरुवार को भारतीय रुपया 41 पैसे सुधरकर 91.64 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दिखाने वाला डॉलर सूचकांक 0.37 फीसदी गिरकर 98.94 पर था। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 1.05 फीसदी गिरकर 84.51 डॉलर प्रति बैरल पर रहा। ईएमएस 06मार्च 2026