रांची(ईएमएस)।भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर से राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर हमला बोला है। पार्टी ने इस बार सौ करोड़ की लागत से बनने वाले मुख्यमंत्री आवास के लिए हेमंत सरकार को कटघरे में खड़ा किया है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने रांची स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की तर्ज पर झारखंड के मुख्यमंत्री भी रांची में 100 करोड़ की लागत से शीश महल बनवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह से अरविंद केजरीवाल जनता की सेवा के खोखले दावे करते थे उसी तरह से हेमंत सोरेन भी अपनी सरकार को राज्य की गरीब गुरबा के प्रति समर्पित सरकार बताते हैं। प्रतुल शाहदेव ने कहा कि पहले से बना मुख्यमंत्री आवास एक हेरिटेज बिल्डिंग था जिसे बिना किसी अनुमति के सरकार की ओर से उसे ध्वस्त कर दिया गया। प्रतुल शाहदेव ने कहा कि उस भवन का एक अपना महत्व था। अब उसी स्थान पर 100 करोड़ की लागत से नया मुख्यमंत्री आवास बनाने का बजट में प्रावधान किया गया है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि सरकार ने पहले ही घोषणा कर दिया है की आने वाले समय में स्मार्ट सिटी क्षेत्र में नया राज भवन और मुख्यमंत्री आवास बनाया जाएगा। ऐसे में सवाल उठता है कि आने वाले समय में जब नया भवन बना है तो फिर जनता के पैसे की बर्बादी क्यों की जा रही है। प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा शीश महल बनाए जाने की खबर का खुलासा आज से ठीक एक साल पहले भाजपा ने किया था। भाजपा ने पिछले साल 26 फरवरी को ही इस खबर पर अपनी मोहर लगाई थी। हालांकि उसे समय झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से इस खबर को निराधार बताया गया था। पार्टी के प्रवक्ताओं ने भाजपा के द्वारा उठाए गए इस गंभीर मुद्दे को हल्के में लिया था। प्रदेश प्रवक्ता प्रकालनाथ शाहदेव ने कहा कि 100 करोड़ के शीश महल में लाखों करोड़ों रुपए के समान लगाए जा रहे हैं। कर्मवीर सिंह/06मार्च/26