छिंदवाड़ा जबलपुर (ईएमएस)। अमरवाड़ा के सोनपुर गांव में शुक्रवार को माता मंदिर के चैनल गेट में एक सिरफिरे युवक ने हरा झंडा फहराकर सांप्रदायिक माहौल को बिगाड़ने का प्रयास किया। सुबह मंदिर के सामने से गुजर रहे लोगों की नजर मंदिर के गेट पर लगे हरे झंडे पर पड़ी। जब लोगों ने अंदर जाकर देखा तो कुछ प्रतिमाओं के ऊपर भी हरे रंग का कपड़ा डला हुआ था। इस दृश्य को देखकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और देखते ही देखते माहौल गरमा गया। खबर के बाद हिंदुवादी संगठन के पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। सोनपुर के तनावपूर्ण महौल की जानकारी मिलते ही एएसपी आशीष खरे और अमरवाड़ा टीआई दलबल के साथ मौके पर पहुंच कर लोगों को समझाईश देकर लोगों से शांति की अपील करते हुए मंदिर परिसर से झंडा व कपड़ा हटाकर स्थिति सामान्य की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए रक्षित केंद्र और आसपास के थानों का बल को सोनपुर में तैनात कर मामले की जांच शुरू की। अमरवाड़ा टीआई राजेंद्र धुर्वे ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब ९ बजे सूचना मिली थी कि सोनपुर में किसी ने माता मंदिर के चैनल गेट पर हरा कपड़ा डाल दिया है। पुलिस ने जब मामले की जांच शुरू की तो पता चला की क्षेत्र का ही एक सिरफिरा जो शराब पीने का आदी है ने उक्त कपड़ा मंदिर के चैनल गेट पर डाला था। पुलिस ने मंदिर के पुजारी अशोक पिता नंदू कुशवाह की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा २९८ के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर उसे हिरासत में ले लिया है। पुलिस पकड़े गए युवक से पूछताछ कर रही है। तनाव के बीच पुलिस बल तैनात सोनपुर में शक्रवार सुबह हुई इस घटना के बाद किसी भी अप्रिय स्थिति से निबटने के लिए सोनपुर में माता मंदिर के आसपास पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस हर स्थिति पर नजर बनाए हुए है। एक आरोपी को राउंडअप किया गया है। सोनपुर में हालत पूरी तरह नियंत्रण में है। एसपी अजय पांडे हिंदु संगठनों ने जताया आक्रोश शुक्रवार सुबह माता मंदिर के चैनल गेट में हरा कपड़ा डालने की खबर जंगल में लगी आग की तरह पूरे क्षेत्र में फैल गई। खबर मिलने के बाद बीएचपी और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने इस घटना पर कड़ा एतराज जताते हुए आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। हालांकि देर शाम पुलिस ने एक आरोपी को राउंडअप कर लिया है। ईएमएस / 06/03/2026