छिंदवाड़ा जबलपुर (ईएमएस)। देहात थाना क्षेत्र के गुरैया में धुरेंडी के दिन गुलाल लगाने से मना करने की बात पर तीन युवकों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में युवक को गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना के संबंध में देहात थाना प्रभारी गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि गुरैया निवासी प्रदीप पिता गोपी राठौर बाइक से वापस घर लौट रहा था, तभी रास्ते में अभिषेक साहू और उसके साथियों ने उसे जबरन रोका और गुलाल लगाना शुरू किया, लेकिन प्रदीप ने गुलाल लगाने से मना किया तो आवेश में आए युवकों ने उस पर चाकू से प्राणघातक हमला कर दिया। इस हमले में प्रदीप को गंभीर चोटें आईं, उपचार के लिए उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टीआई ने बताया कि प्रदीप की रिपोर्ट पर आरोपी अभिषेक पिता जीवनलाल साहू (21 ), नीकेश पिता बब्लू ओक्टे (19 ) दोनों निवासी गुरैया तथा पंकज पिता किशनलाल चौरे (26 ), निवासी अर्जुनवाडी मोहखेड़ के खिलाफ बीएनएस की धारा 296(बी), 126(2), 109(1), 3(5) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया गया है। आरोपियों को पकड़ने वाली टीम मेें टीआई के अलावा उनि महेश अहिरवार, दुर्गेश तिवारी, हर्ष नागले, सउनि संदीप राजपूत, आर. सौरभ, सूरज, शेरसिंह, पन्नालाल, उमेश उइके, तरुण परतेती शामिल रहे। अभिषेक पर पूर्व से हैं दर्जनों मामले दर्ज देहात टीआई राजपूत ने बताया कि गुरैया निवासी अभिषेक साहू पर पूर्व से देहात थाना सहित चौरई थाने में गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है। ईएमएस / 06/03/2026