क्षेत्रीय
06-Mar-2026
...


फिरोजाबाद(ईएमएस) जनपद की समृद्धि व सांस्कृतिक पहचान को अक्षुण्य बनाए रखने और इसे अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मंडलायुक्त आगरा मंडल आगरा नगेंद्र प्रताप सिंह ने जिलाधिकारी रमेश रंजन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित की उपस्थिति में फीता काटकर सिरसागंज में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक रामलीला एवं मेला तीज मेले और सामौर बाबा धाम में आयोजित विशाल महोत्सव व विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का विधिवत उद्घाटन व सामौर बाबा परिसर में पीपल का पौधा रोपित किया। यहां की भव्यता व दिव्यता की मंडलायुक्त ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की और सामौर बाबा मंदिर के गर्भगृह में जाकर विधि-विधान से पूजा अर्चना की। साथ ही महोत्सव परिसर में लगाए गए विभिन्न सांस्कृतिक एवं विकास स्टालों का भी अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त आगरा मंडल आगरा नगेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि, स्थानीय लोक संस्कृतियां हमारी सामूहिकता, संस्कृति और एकता का प्रतीक है, इनका संरक्षण और संवर्धन जरूरी है। ऐसे आयोजन हमारे परंपराओं को जीवित रखते हैं, साथ ही साथ हमारी संस्कृति की विशालता, समरसता और गौरवशाली परंपरा को भी पुनर्जीवित करते हैं। इस अवसर पर मुख्य रूप से भाजपा के जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य व उपजिलाधिकारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारीगण उपस्थित रहे। ईएमएस