:: 31 मार्च तक सरचार्ज पर 90 प्रतिशत तक की छूट; इंदौर जिले में 90 हजार उपभोक्ताओं ने उठाया लाभ :: इंदौर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश शासन के ऊर्जा विभाग द्वारा तीन माह या उससे अधिक समय के बकाया बिजली बिलों पर सरचार्ज माफी के लिए लागू समाधान योजना बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत बनकर आई है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इस योजना के तहत 31 मार्च तक बकाया बिजली बिल के सरचार्ज पर पात्रतानुसार 50 से 90 प्रतिशत तक की छूट प्राप्त की जा सकती है। योजना के क्रियान्वयन में इंदौर जिला वर्तमान में शीर्ष पर बना हुआ है। अब तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, इंदौर जिले के करीब 90 हजार उपभोक्ता इस योजना का लाभ ले चुके हैं। इसी तरह खरगोन जिले में 78,500, उज्जैन में 72,900, रतलाम में 69,600 और बड़वानी जिले में 53,000 उपभोक्ता सरचार्ज माफी का लाभ उठा चुके हैं। :: विद्युत कंपनी की अपील :: मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने समस्त बकायादार उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे 31 मार्च की अंतिम तिथि का लाभ उठाएं। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ता अपने क्षेत्र के बिजली जोन, वितरण केंद्र या आधिकारिक पोर्टल mpwz.co.in पर जाकर योजना की पात्रता एवं छूट के संबंध में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। प्रकाश/6 मार्च 2026