मनोरंजन
07-Mar-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। हाल ही में अभिनेता सिद्धांत चतुर्वेदी ने खुलासा किया कि वे अपने करीबी दोस्त और फिल्मकार अभिषेक चौबे के साथ मिलकर एक ऐसी फिल्म पर काम कर रहे हैं, जिसकी कहानी पूरी तरह उनके होमटाउन बलिया पर आधारित होगी। यह फिल्म उनके लिए सिर्फ एक रचनात्मक प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि अपने जीवन, जड़ों और यादों से जुड़ी भावनाओं का सिनेमाई विस्तार है। सिद्धांत चतुर्वेदी ने गली बॉय से बॉलीवुड में धमाकेदार शुरुआत की थी। इस फिल्म में उनके किरदार ने उन्हें तुरंत दर्शकों के बीच एक मजबूत पहचान दिलाई। इसके बाद उन्होंने गहराइयाँ, खो गए हम कहाँ और धड़क 2 जैसी फिल्मों में बेहद अलग और लेयर्ड भूमिकाएँ निभाईं, जिसमें उनकी पसंद और अभिनय की गहराई साफ दिखाई दी। हर फिल्म में कुछ नया करने की उनकी कोशिश ने उन्हें एक ऐसे अभिनेता के रूप में स्थापित किया, जो केवल स्टारडम के पीछे नहीं, बल्कि कहानियों की सच्चाई और भावनात्मक ईमानदारी को प्राथमिकता देते हैं। अब जब वे अपने करियर के एक नए मोड़ पर खड़े हैं, सिद्धांत का झुकाव अपने जीवन की जड़ों की ओर गया है। उन्होंने कहा, “अभी यह ऑफिशियल नहीं है, लेकिन मुझे लगता है कि यह सही समय है बोलने का। मैं अपनी रूट्स पर वापस लौटना चाहता हूं। मुझे बलिया की कहानी कहनी है, क्योंकि मैंने वहां की ज़िंदगी को जीया है। उन अनुभवों को स्क्रीन पर लाना मेरे लिए बेहद खास होगा।” सिद्धांत ने इस प्रोजेक्ट में अभिषेक चौबे के साथ सहयोग को लेकर भी उत्साह जताया। चौबे अपनी कहानी कहने की अनोखी शैली और यथार्थवादी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं, ऐसे में दोनों का यह मिलन दर्शकों के लिए कुछ अलग और दमदार लेकर आने वाला है। सिद्धांत ने बताया, “हम एक बलिया-बेस्ड कहानी पर काम कर रहे हैं। यह वाकई कमाल की कहानी है। इस पर बातचीत जारी है और मुझे उम्मीद है कि जल्द ही यह फिल्म सबके सामने आएगी।” एक छोटे शहर के साधारण लड़के से लेकर बॉलीवुड में अपनी जगह बनाने तक सिद्धांत का सफर मेहनत, विश्वास और संघर्ष से भरा रहा है। बलिया की गलियों, वहाँ के लोगों और वहाँ की मिट्टी से उनका गहरा लगाव अब उनके अगले प्रोजेक्ट का आधार बनने जा रहा है। उनके फैंस पहले ही जान चुके हैं कि सिद्धांत हमेशा ऐसे किरदार चुनते हैं जो कहानी की सच्चाई को सामने लाते हैं। सुदामा/ईएमएस 07 मार्च 2026