मुंबई (ईएमएस)। हाल ही में अभिनेत्री संदीपा धर ने अपने सफर, चुनौतियों को लेकर विचार साझा किए। संदीपा ने अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए कहा कि इंडस्ट्री की समझ भले कम थी, लेकिन जुनून बहुत ज्यादा था। पहली ही फिल्म में मिली पहचान और अवॉर्ड नॉमिनेशन ने उन्हें आत्मविश्वास तो दिया, पर साथ ही जिम्मेदारी का अहसास भी कराया। उन्होंने कहा कि समय के साथ उन्होंने जाना कि हर मौका बड़ा नहीं होता, लेकिन हर मौका महत्वपूर्ण हो सकता है। उन्होंने बताया कि कई प्रोजेक्ट्स में उनका स्क्रीन टाइम भले ही कम रहा हो, लेकिन उनका मानना है कि किरदार की गहराई और ईमानदारी ही दर्शकों पर असर डालती है। यही विश्वास उन्हें हर काम को बराबर गंभीरता से लेने के लिए प्रेरित करता है। संदीपा के अनुसार, अभिनेता की प्रस्तुति ही तय करती है कि भूमिका छोटी कहलाएगी या प्रभावी बनेगी। बातचीत के दौरान संदीपा ने इंडस्ट्री में मौजूद प्रतिस्पर्धा और लगातार होने वाली तुलना पर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि कई कलाकारों की तरह उन्होंने भी ऐसे दौर देखे, जब बाहरी दबाव और लगातार मिलने वाली सलाह—बेहतर दिखने, बदलने, परफेक्ट रहने की से आत्मविश्वास प्रभावित होता है। लेकिन इस प्रक्रिया ने उन्हें सिखाया कि बाहरी मान्यता से ज्यादा जरूरी आत्म-स्वीकृति है। उनके अनुसार, सोशल मीडिया, फिटनेस और इमेज को लेकर बढ़ता दबाव कलाकारों के लिए अक्सर मानसिक चुनौती बन जाता है। संदीपा ने आगे डांस को अपने जीवन का अहम हिस्सा बताया। वह एक ट्रेंड डांसर हैं और किसी मजबूत कहानी वाली डांस-आधारित फिल्म का इंतजार कर रही हैं। उन्होंने कहा कि डांस उनके लिए केवल कला नहीं, बल्कि आत्म-अभिव्यक्ति का माध्यम है, जिसने उनके अभिनय को और भी समृद्ध किया है। बता दें कि फिल्मों में कई बार कुछ किरदार स्क्रीन पर कम समय के लिए दिखाई देते हैं, लेकिन दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ जाते हैं। अभिनेत्री संदीपा धर का करियर इसी बात का उदाहरण है। सुदामा/ईएमएस 07 मार्च 2026