नई दिल्ली (ईएमएस)। भारत में अगले 12 महीनों में कई बड़ी और पावरफुल एसयूवी लॉन्च होंगी, जो न सिर्फ साइज में विशाल होंगी, बल्कि लग्जरी फीचर्स, हाई-एंड सेफ्टी और ऑफ-रोडिंग के मजे के साथ बाजार में उतरेंगी। इनमें तीन मॉडल ऐसे हैं, जिनका भारतीय ग्राहकों को बेसब्री से इंतजार है। एमजी मोटर अपनी नई मेजेस्टर को इसी साल अप्रैल तक लॉन्च कर सकती है। यह पॉपुलर एसयूवी अब और ज्यादा बोल्ड लुक में पेश होगी। इसके केबिन में फ्रंट सीट मसाज फंक्शन, 12.3-इंच डिजिटल क्लस्टर और डुअल वायरलेस चार्जर जैसे फीचर्स शामिल किए गए हैं। साथ ही लेवल-2 अडास इसे और सुरक्षित बनाता है। तेज रफ्तार पसंद करने वालों के लिए स्कोडा कोडिएक आरएस इस साल अक्टूबर तक भारतीय बाजार में दस्तक दे सकती है। सीबीयू यूनिट के तौर पर आने वाली यह 7-सीटर एसयूवी 60 लाख रुपये से अधिक कीमत पर मिल सकती है। महज 6.4 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की स्पीड पकड़ने की क्षमता और 231 किमी/घंटा की टॉप स्पीड इसकी खास पहचान है। सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाली नई जनरेशन टोयोटा फॉर्च्यूनर 2026 के अंत तक लॉन्च हो सकती है। यह अपने नए, ज्यादा शार्प और क्लासिक डिजाइन के साथ आएगी। इसमें इलेक्ट्रिक पावर स्टीयरिंग, ‘टोयोटा सेफ्टी सेंस 3’, पैनोरमिक सनरूफ और 7 एयरबैग्स जैसे फीचर्स मिलेंगे। सुदामा/ईएमएस 07 मार्च 2026