नई दिल्ली (ईएमएस)। मारुति सुजुकी ने अपनी पहली इलेक्ट्रिक एसयूवी ई-विटारा लॉन्च कर दी है। इस एसयूवी का सीधा मुकाबला टाटा मोटर्स की लोकप्रिय कर्व ईवी से है। मारुति ई-विटारा जहां किफायती कीमत और बैटरी ऐज अ सर्विस (बीएएएस) विकल्प के कारण आकर्षक बनती है। वहीं टाटा कर्व ईवी अपनी स्टाइलिश कूपे डिज़ाइन और दमदार परफॉर्मेंस के लिए जानी जाती है। मारुति ई-विटारा की कीमत बीएएएस मॉडल में रुपए 10.99 लाख से रुपए 14.29 लाख तक है, जबकि बिना बीएएएस इसके दाम रुपए 15.99 लाख से रुपए 20.01 लाख के बीच हैं। दूसरी ओर, टाटा कर्व ईवी रुपए 17.49 लाख से रुपए 22.24 लाख में उपलब्ध है। डिजाइन की बात करें तो मारुति का मॉडल एक प्रैक्टिकल और फैमिली-फ्रेंडली अप्रोच पर आधारित है, जिसमें फ्यूचरिस्टिक एसयूवी लुक और मैट्रिक्स एलईडी डीआरएल शामिल हैं। इसके विपरीत, टाटा कर्व ईवी स्पोर्टी कूपे-स्टाइल डिज़ाइन के साथ युवाओं को ज्यादा आकर्षित करती है। इंटीरियर और फीचर्स के मामले में मारुति 10.25-इंच डिजिटल क्लस्टर, वेंटिलेटेड सीट्स और अच्छी केबिन स्पेस जैसी सुविधाएं देती है, जबकि टाटा कर्व बड़े 12.3-इंच डिस्प्ले, बेहतर स्टोरेज और अधिक मॉडर्न लेआउट से प्रभावित करती है। दोनों में ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, वायरलेस चार्जिंग और ड्राइव मोड्स जैसे फीचर्स समान हैं। सुरक्षा के मोर्चे पर दोनों को भारत एनकैप से 5-स्टार रेटिंग मिली है, हालांकि मारुति में 7 एयरबैग और बेहतर एओपी स्कोर मिलता है, जबकि टाटा कॉप स्कोर में आगे है। परफॉर्मेंस की बात करें तो ई-विटारा 49 केडब्ल्यूएच और 61 केडब्ल्यूएच बैटरी विकल्पों के साथ 440 से 543 किलोमीटर की रेंज देती है। टाटा कर्व ईवी 45 केडब्ल्यूएच और 55 केडब्ल्यूएच बैटरी के साथ 430 से 502 किलोमीटर तक चल सकती है। चार्जिंग में कर्व थोड़ी तेज है, जो 10-80प्रतिशत मात्र 40 मिनट में फास्ट चार्जर से पूरी कर लेती है, जबकि मारुति को लगभग 45 मिनट लगते हैं। सुदामा/ईएमएस 07 मार्च 2026