नई दिल्ली (ईएमएस)। फरवरी 2026 की बिक्री रिपोर्ट के अनुसार, बीते महीने देश में कुल 13,669 इलेक्ट्रिक कारें बिकीं, जो जनवरी 2025 की 9,479 यूनिट्स की तुलना में 44 प्रतिशत सालाना वृद्धि को दर्शाती हैं। बिक्री में शीर्ष पर रही टाटा मोटर्स, जिसने 5,558 यूनिट बेचकर अपनी मजबूत पकड़ कायम रखी। यह आंकड़ा पिछले वर्ष की उसी अवधि में हुई 4,002 यूनिट बिक्री से 39 प्रतिशत अधिक है। पंच ईवी और नेक्सॉन ईवी जैसे मॉडल कंपनी की सफलता का प्रमुख कारण बने रहे। दूसरे स्थान पर एमजी मोटर्स इंडिया रही, जिसकी 3,310 यूनिट बिकीं। हालांकि यह पिछले वर्ष की तुलना में 5प्रतिशत की हल्की गिरावट है, लेकिन एमजी की कॉमेट और अन्य ईवी मॉडल अभी भी ग्राहकों के बीच लोकप्रिय हैं। सबसे चौंकाने वाला प्रदर्शन महिंद्रा इलेक्ट्रिक ने किया, जिसने 2,913 यूनिट बेचकर पिछले वर्ष की 508 यूनिट्स की तुलना में 473प्रतिशत की रिकॉर्डतोड़ उछाल दर्ज की। नए ईवी मॉडलों ने कंपनी को तेजी से आगे बढ़ाया है। चौथे स्थान पर उभरती वियतनामी कंपनी विनफास्ट ने 384 यूनिट्स के साथ जगह बनाई, जबकि पांचवें नंबर पर बीवायडी इंडिया रही, जिसने 306 यूनिट्स बेचकर 10प्रतिशत की बढ़त हासिल की। इसके अलावा, ह्युंडई ने 304, किआ ने 295, बीएमडब्ल्यू ने 245 और मारुति ने 214 इलेक्ट्रिक कारें बेचीं। बढ़ती मांग और नए मॉडलों के साथ ईवी मार्केट आने वाले समय में और प्रतिस्पर्धी होता दिख रहा है। बता दें कि भारतीय इलेक्ट्रिक वाहन बाजार लगातार विस्तार कर रहा है और फरवरी 2026 की बिक्री रिपोर्ट ने इस तेजी को और स्पष्ट कर दिया है। सुदामा/ईएमएस 07 मार्च 2026