- जागरूकता लाने हर घर पहुंचने स्वास्थ्य कर्मचारियों को निर्देश राजगढ़(ईएमएस)l जिले में बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए चल रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान की रफ्तार कुछ ब्लॉकों में धीमी मिलने पर कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने कड़ी नाराजगी जताई है। शुक्रवार को हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने साफ कहा कि यह केवल स्वास्थ्य विभाग का कार्यक्रम नहीं बल्कि बालिकाओं के भविष्य से जुड़ा जनस्वास्थ्य अभियान है, इसलिए हर स्तर पर गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ इसे आगे बढ़ाया जाए। कलेक्ट्रेट में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान कलेक्टर ने प्रत्येक ब्लॉक में वितरित किए गए सहमति पत्रों और टीकाकरण की प्रगति की विस्तार से जानकारी ली। इस दौरान जीरापुर और खिलचीपुर ब्लॉक का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं पाए जाने पर उन्होंने असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित एसडीएम को निर्देश दिए कि अभियान को लेकर व्यापक जनजागरूकता और मोबिलाइजेशन किया जाए। उन्होंने यह भी पूछा कि प्रगति धीमी रहने के पीछे क्या कारण हैं और उन्हें तुरंत दूर करने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं। समीक्षा में यह भी सामने आया कि नरसिंहगढ़ क्षेत्र में टीकाकरण को लेकर प्रभावी कार्ययोजना नहीं बन पाई है। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी जाहिर करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अभियान को गति देने के लिए ठोस रणनीति बनाई जाए और समयबद्ध लक्ष्य तय किए जाएं। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कहा कि एचपीवी टीका बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए अत्यंत प्रभावी सुरक्षा कवच है। इसलिए जरूरी है कि अभिभावकों को इसके महत्व के बारे में सही जानकारी दी जाए और उनकी शंकाओं का समाधान भी किया जाए। उन्होंने बीएमओ, सीडीपीओ और जनपद के सीईओ को निर्देशित किया कि वे मैदानी स्तर पर घर-घर जाकर अभिभावकों से संपर्क करें और उन्हें टीकाकरण के लिए प्रेरित करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सहमति पत्रों का वितरण पूरी तरह सुनिश्चित किया जाए और प्रत्येक बालिका की व्यक्तिगत लाइन लिस्टिंग तैयार की जाए। इस सूची में बालिका का नाम, संपर्क नंबर, सहमति पत्र की स्थिति सहित पूरी जानकारी दर्ज की जाए, ताकि अभियान की प्रगति की स्पष्ट जवाबदेही तय हो सके। अभियान को गति देने के लिए कलेक्टर ने रविवार के दिन भी नियमित रूप से टीकाकरण सत्र आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही शिक्षा विभाग के साथ समन्वय बनाकर आठवीं और दसवीं कक्षा की परीक्षाओं के दौरान स्कूलों में विशेष कैंप लगाने की बात कही, ताकि अधिक से अधिक बालिकाओं का टीकाकरण मिशन मोड में पूरा किया जा सके। बैठक में जिले के सभी अनुविभागीय राजस्व अधिकारी, जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी अर्पित गुप्ता, मुख्य चिकित्सा एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शोभा पटेल, महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्याम बाबू खरे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।निखिल/राजगढ़/7/3/2026