सरगुजा(ईएमएस)। जिले के ग्राम भकुरा में पैसों के लेन-देन के विवाद में तीन दोस्तों ने मिलकर एक युवक की बेदम पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार होली के दिन सुबह ग्राम भकुरा में 25 वर्षीय युवक सुटुल का शव खेत में पड़ा मिला था। शव के पास उसका शर्ट नहीं था और शरीर पर चोट के कई निशान दिखाई दे रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की मौत अंदरूनी चोटों के कारण होना बताया गया। इसके बाद पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि मृतक सुटुल को 3 मार्च को गांव के ही अजय पैकरा, छत्रपाल और एक नाबालिग के साथ देखा गया था। पुलिस ने जब तीनों से पूछताछ की तो उन्होंने पैसों के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में सुटुल की पिटाई कर हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपियों ने बताया कि वे पहले सुटुल के साथ मिलकर काम करते थे और काम के पैसे सुटुल को मिले थे। पैसों के बंटवारे को लेकर विवाद हुआ, जिसके दौरान सुटुल गाली-गलौज करने लगा। इससे नाराज होकर तीनों ने डंडे और लात-घूंसों से उसकी जमकर पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान सुटुल बेहोश होकर गिर पड़ा, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपी अजय पैकरा उर्फ जर्रा (19 वर्ष), छत्रपाल (20 वर्ष) और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली थाना प्रभारी शशिकांत सिन्हा ने बताया कि अजय पैकरा और छत्रपाल को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश कर बाल सुधार गृह भेजा गया है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)07 मार्च 2026