राष्ट्रीय
07-Mar-2026


सीएम नीतीश कुमार ने अपने विधायक, विधान पार्षद और सांसदों को किया आश्वस्त पटना,(ईएमएस)। बिहार के सीएम और जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने अपने विधायक, विधान पार्षद और सांसदों को आश्वस्त किया है कि उनके राज्यसभा जाने से पार्टी और प्रदेश पर कोई असर नहीं पड़ेगा। भरोसा दिलाया कि वे दिल्ली के साथ-साथ बिहार में भी रहेंगे। सभी चीजों को देखते रहेंगे। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सीएम हाउस में हुई बैठक के बाद यह जानकारी जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने शुक्रवार को दी। दरअसल नीतीश कुमार के राज्यसभा में जाने के फैसले से जेडीयू के कार्यकर्ता और नेता नाराज हैं। बैठक में भी कई विधायकों ने उन्हें अपने फैसले पर पुर्नविचार करने को कहा है। हालांकि सीएम नीतीश कुमार ने साफ किया है कि वे किसी दवाब में नहीं बल्कि अपनी इच्छा से राज्यसभा जा रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि बिहार के विकास का जो रास्ता तय किया गया है वह रुकना नहीं चाहिए। उन्होंने साफ कहा कि काम जारी रहेगा और वह खुद भी हर चीज पर नजर रखेंगे। नीरज ने बताया कि बैठक में विधायकों ने नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को पार्टी में शामिल किए जाने की मांग रखी, उसके बाद जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने यह घोषणा की कि निशांत ने राजनीति में आने की सहमति दे दी है और जल्द ही औपचारिक रूप से पार्टी में शामिल होंगे। ललन सिंह ने कहा कि पार्टी में अंतिम फैसला अब भी नीतीश कुमार का ही होता है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार में या पार्टी के भीतर कोई पत्ता भी उनकी मर्जी के बिना नहीं हिल सकता। सिराज/ईएमएस 07मार्च26 -----------------------------