राष्ट्रीय
04-Apr-2026


वाराणसी (ईएमएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दो दिनों से धार्मिक राजधानी काशी यानि वाराणसी में रहे। शनिवार सुबह वह बनारसी रंग में नजर आए। सबसे पहले उन्होंने बनारसी चाय का आनंद लिया। बनारस के लोगों से मुलाकात की शहर के मिजाज को समझा। इसके बाद कचौड़ी-जलेबी का भी स्वाद चखा। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार शाम को वाराणसी पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ उन्होंने बनारस लोकोमोटिव वर्कशॉप के ग्राउंड में आयोजित सम्राट विक्रमादित्य पर आयोजित नाट्य के मंचन का शुभारंभ किया। उन्होंने एमपी और यूपी की संस्कृति को साझा करने के लिए ऐसे नाटकों को महत्वपूर्ण बताया था। वाराणसी में ही रात्रि विश्राम करने के बाद शनिवार सुबह वह मध्य प्रदेश के लिए रवाना हुए। इससे पहले उन्होंने नदेसर स्थित प्रसिद्ध कचौड़ी की दुकान पर पहुंचकर बनारस की जलेबी और कचौड़ी का आनंद लिया। सुबह-ए-बनारस का यह नाश्ता पूरे विश्व में प्रसिद्ध है। डा.मोहन यादव ने विशुद्ध बनारसी अंदाज में बैठकर कचौड़ी जलेबी का आनंद लिया। इस दौरान जब वह दुकान पर पहुंचे तो वहां पहले से बहुत से लोग मौजूद थे। उन्हें देखकर वह लोग उनके साथ तस्वीरें खिंचवाने लगे। मोहन यादव ने भी नाश्ता करते हुए यहां मौजूद लोगों से बातचीत की और बनारस के डेवलपमेंट के साथ मध्य प्रदेश आने का आमंत्रण भी दिया। जितेन्द्र 04 अप्रैल 2026