रुड़की (ईएमएस)। हरिद्वार जिले के रुड़की क्षेत्र से सटी ढंडेरा नगर पंचायत के चेयरमैन एवं राज्य आंदोलनकारी सतीश नेगी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, नेगी ने पिछली बार भाजपा से बगावत कर नगर पंचायत चुनाव लड़ा था और मामूली अंतर से जीत दर्ज की थी। पार्टी अनुशासन के उल्लंघन के चलते उन्हें भाजपा से निष्कासित किया था। अब एक बार फिर उनकी पार्टी में वापसी हो रही है। उन्हें सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत की मौजूदगी में औपचारिक रूप से भाजपा की सदस्यता दिलाई जाएगी। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि स्थानीय स्तर पर मजबूत पकड़ रखने वाले नेताओं की वापसी से भाजपा अपने संगठन को और मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। सतीश नेगी की वापसी को भी इसी रणनीति के तहत देखा जा रहा है। इस घटनाक्रम से रुड़की क्षेत्र की स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है और आगामी चुनावों को देखकर भाजपा के लिए अहम कदम माना जा रहा है। आशीष दुबे / 04 अप्रैल 2026