निशांत की एंट्री से पहले पार्टी विधायकों और नेताओं के साथ समन्वय बनाने की कोशिश पटना,(ईएमएस)। बिहार की राजनीति में जारी हलचल के बीच सीएम नीतीश कुमार ने शनिवार को राजभवन पहुंचकर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच करीब 10 मिनट तक बातचीत हुई। सूत्रों के मुताबिक यह मुलाकात औपचारिक विदाई प्रोटोकॉल के तहत मानी जा रही है। राजभवन से पहले जनता दल (यू) के नेता उपेंद्र कुशवाहा ने भी सीएम आवास पर नीतीश कुमार से मुलाकात की। इस दौरान जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा भी मौजूद थे। राज्य की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए इन बैठकों को काफी अहम माना जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक राजनीति में संभावित प्रवेश से पहले सीएम के बेटे नीतीश कुमार भी सक्रिय हो गए हैं। शुक्रवार को उन्होंने पटना में संजय झा के आवास पर जेडीयू के करीब 24 विधायकों के साथ बैठक की। इस बैठक में बिहार सरकार के परिवहन मंत्री श्रवण कुमार समेत कई वरिष्ठ और युवा विधायक मौजूद थे। सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में पार्टी की आगामी रणनीति और संगठन की स्थिति पर चर्चा की गई। माना जा रहा है कि निशांत कुमार के राजनीतिक जीवन की औपचारिक शुरुआत से पहले पार्टी के विधायकों और नेताओं के साथ समन्वय बनाने की कोशिश की जा रही है। इसी बीच बिहार की राजनीति में यह भी चर्चा तेज है कि सीएम नीतीश कुमार 10 से 14 मार्च के बीच अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। उनके राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल करने के बाद सत्ता परिवर्तन की अटकलें और तेज हो गई हैं। सूत्रों का कहना है कि राज्य में नए सीएम के चयन को लेकर बीजेपी और जेडीयू के बीच लगातार बातचीत जारी है। हालांकि दोनों दलों की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले कुछ दिनों में बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। सिराज/ईएमएस 07मार्च26