07-Mar-2026
...


कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिलान्तर्गत डीएसपीएम प्लांट में काम कर रहे कर्मचारियों को एक जहरीला कोबरा सर्प नजर आया। घबराहट के बावजूद कर्मचारियों ने समझदारी दिखाई और सर्प को छेड़ने की बजाय तुरंत आरसीआरएस (रेप्टिले केयर एंड रेसक्यूएर सोसाइटी) को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने पर आरसीआरएस के अध्यक्ष अविनाश यादव और टीम के सदस्य महेश्वर मौके पर पहुंचे। उन्होंने सुरक्षित तरीके से कोबरा को रेस्क्यू किया, जबकि आसपास मौजूद लोग दूरी बनाकर खड़े रहे। रेस्क्यू के बाद कोबरा को उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित रूप से छोड़ दिया गया, ताकि वह जंगल में अपने वातावरण में लौट सके। आरसीआरएस टीम के इस प्रयास को देखकर कर्मचारियों ने राहत की सांस ली और टीम को धन्यवाद दिया। अविनाश यादव ने बताया कि अब लोगों में वन्य जीवों के प्रति जागरूकता बढ़ रही है, और पहले की तुलना में सांपों को मारने की बजाय मदद के लिए कॉल करना आम हो गया है। उन्होंने यह भी सलाह दी कि कहीं भी सांप या कोई अन्य वन्य जीव दिखाई दे तो उसे छेड़ें नहीं और तुरंत वन विभाग या आरसीआरएस टीम से संपर्क करें।