खेल
07-Mar-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। पूर्व भारतीय स्पिनर पीयूष चावला का मानना है कि रहस्यमयी स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को टी20 वर्ल्ड कप के पिछले दो मुकाबलों में अपनी गेंदबाजी की लेंथ के कारण नुकसान उठाना पड़ा है। उनका कहना है कि चक्रवर्ती इन मैचों में या तो बहुत फुल लेंथ गेंद डाल रहे हैं या फिर जरूरत से ज्यादा शॉर्ट गेंदबाजी कर रहे हैं, जिसकी वजह से बल्लेबाजों को रन बनाने का मौका मिल रहा है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के हालिया मुकाबलों में चक्रवर्ती का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ 40 रन देकर एक विकेट लिया था, जबकि इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में 64 रन देकर सिर्फ एक विकेट ही हासिल कर सके। ऐसे में अब यह देखना दिलचस्प होगा कि भारत न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले फाइनल मुकाबले में उन्हें प्लेइंग इलेवन में बनाए रखता है या उनकी जगह कुल्दीप यादव को मौका देता है। चावला ने एक बातचीत में कहा कि कई बार गेंदबाज दबाव में आकर या जरूरत से ज्यादा प्रयोग करने की कोशिश में अपनी ताकत से दूर हो जाता है। उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि जब कोई गेंदबाज हताश हो जाता है या ज्यादा प्रयोग करने लगता है, तो वह अक्सर बहुत फुल लेंथ गेंद डालने लगता है। वरुण चक्रवर्ती के साथ भी पिछले मैचों में कुछ ऐसा ही देखने को मिला है।” उन्होंने आगे समझाया कि चक्रवर्ती की सबसे बड़ी ताकत उनकी ‘ट्रिकी लेंथ’ है, जहां से गेंद स्पिनर के लिए आदर्श उछाल लेती है। चावला के अनुसार एक स्पिनर के लिए सही लेंथ वही होती है जहां से गेंद घुटनों तक की ऊंचाई तक उछाल ले और बल्लेबाज के लिए उसे समझना मुश्किल हो जाए। उन्होंने कहा कि चक्रवर्ती की गेंदबाजी की गति भी अच्छी है और जब बल्लेबाज उनके हाथ से गेंद को पढ़ नहीं पाता, तब उसे खेलना बेहद मुश्किल हो जाता है। 37 वर्षीय चावला, जिन्होंने भारत के लिए 25 वनडे, तीन टेस्ट और सात टी20 मैच खेले हैं, का कहना है कि जब चक्रवर्ती अपनी सही लेंथ से भटक जाते हैं तो उनकी गेंदों पर रन बनने लगते हैं। उन्होंने कहा कि हाल के मैचों में यही देखने को मिला है, जहां वह लगातार बहुत फुल या बहुत शॉर्ट गेंदबाजी कर रहे हैं। अगर पिच पर पर्याप्त उछाल नहीं होता और गेंदबाज अपनी सही लेंथ नहीं पकड़ पाता, तो बल्लेबाज के लिए ऐसे गेंदबाज को खेलना आसान हो जाता है। फाइनल मुकाबले से पहले चक्रवर्ती के लिए अपनी सही लेंथ पर लौटना बेहद जरूरी होगा, क्योंकि बड़े मैच में उनकी भूमिका टीम इंडिया के लिए काफी अहम मानी जा रही है। डेविड/ईएमएस 07 मार्च 2026