अहमदाबाद (ईएमएस)। न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टी20 के फाइनल से पहले बड़ा बयान देते हुए कहा है कि मेजबान होने के कारण भारत पर खिताब जीतने का अतिरिक्त दबाव रहेगा। भारत और न्यूजीलैंड के बीच यह खिताबी मुकाबला रविवार को नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। फाइनल से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में सैंटनर ने कहा कि घरेलू मैदान पर खेलने के कारण भारतीय टीम को दर्शकों की बड़ी उम्मीदों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य मैच के दौरान भीड़ को शांत करना होगा। सैंटनर के मुताबिक भारत जैसी मजबूत टीम के खिलाफ खेलना हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है, लेकिन मेजबान होने के कारण उन पर दबाव भी ज्यादा रहेगा। न्यूजीलैंड कप्तान ने कहा कि उनकी टीम इस बड़े मुकाबले को लेकर काफी उत्साहित है और खिलाड़ी पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने बताया कि टीम पहले भी भारत के खिलाफ खेल चुकी है, इसलिए किसी खास रहस्य की बात नहीं है। उनके अनुसार फाइनल एक मैच का मुकाबला होता है और उस दिन जो टीम बेहतर प्रदर्शन करेगी वही जीत दर्ज करेगी। पिच को लेकर सैंटनर ने कहा कि उन्होंने अभी तक मैदान की सतह नहीं देखी है, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि अहमदाबाद में हाई-स्कोरिंग मुकाबला देखने को मिल सकता है, क्योंकि यह मैदान बल्लेबाजों के लिए मददगार माना जाता है। सैंटनर ने भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि बुमराह इस टूर्नामेंट में शानदार गेंदबाजी कर रहे हैं और उनकी यॉर्कर तथा बाउंसर किसी भी बल्लेबाज के लिए चुनौती बन सकती है। बुमराह ने टूर्नामेंट में अब तक 10 विकेट हासिल किए हैं। उन्होंने भारतीय स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को भी खतरनाक गेंदबाज बताया और कहा कि वह इस प्रतियोगिता में बेहतरीन फॉर्म में हैं। वरुण अब तक 13 विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाजों में शामिल हैं। सैंटनर ने यह भी कहा कि उनकी टीम पूरे टूर्नामेंट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करती आई है और फाइनल में भी वही लय बनाए रखने की कोशिश करेगी। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अगर मौका मिला तो न्यूजीलैंड भारत को हराकर ट्रॉफी जीतने से पीछे नहीं हटेगी, भले ही इससे भारतीय प्रशंसकों का दिल टूट जाए। डेविड/ईएमएस 07 मार्च 2026