खेल
07-Mar-2026


अहमदाबाद (ईएमएस)। आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है और रविवार को भारत और न्यूजीलैंड के बीच फाइनल मुकाबला नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। खिताबी मुकाबले से पहले आईसीसी ने ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ के लिए आठ खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया है। इस सूची में भारत के विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन भी शामिल हैं, जिन्होंने सीमित मौके मिलने के बावजूद शानदार प्रदर्शन से सबका ध्यान खींचा है। संजू सैमसन ने टूर्नामेंट में अब तक केवल चार मैच खेले हैं, लेकिन उन्होंने 200 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 232 रन बनाए हैं। खास बात यह है कि भारत के पिछले दो मुकाबलों में उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ भी चुना गया। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने टीम को अहम मौकों पर जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टूर्नामेंट की शुरुआत में सैमसन को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली थी और ओपनिंग की जिम्मेदारी अभिषेक शर्मा और ईशान किश्न को दी गई थी, जबकि नंबर-3 पर तिलक वर्मा बल्लेबाजी कर रहे थे। बाद में मौका मिलने पर सैमसन ने शानदार वापसी करते हुए जिम्बाब्वे के खिलाफ 24 रन बनाए, फिर वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 97 रन और सेमीफाइनल में 89 रन की अहम पारी खेली। वे चार मैचों में 16 छक्के भी लगा चुके हैं। ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ की दौड़ में पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान भी शामिल हैं, जिन्होंने दो शतक के साथ 383 रन बनाए, जो एक टी20 वर्ल्ड कप में किसी भी खिलाड़ी द्वारा बनाया गया सर्वाधिक स्कोर है, हालांकि उनकी टीम नॉकआउट में नहीं पहुंच सकी। इसके अलावा विलियम जॉर्ज जैक्स ने 226 रन के साथ 9 विकेट लेकर शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया, जबकि लुंगी न्गिडी ने 12 विकेट हासिल किए। दक्षिण अफ्रीका के एडन मार्रक्रम ने 286 रन बनाए। न्यूजीलैंड के रचिन रविन्द्र ने 128 रन और 11 विकेट लिए, जबकि टिम सीफर्ट ने 274 रन बनाकर तीन अर्धशतक लगाए। अमेरिका के श्याडली वैन शॉकवीक ने ग्रुप स्टेज में चार मैचों में 13 विकेट लेकर प्रभावशाली प्रदर्शन किया। आईसीसी ने इन आठ खिलाड़ियों के लिए ऑनलाइन वोटिंग भी शुरू कर दी है। क्रिकेट प्रशंसक आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने पसंदीदा खिलाड़ी को वोट दे सकते हैं। अंतिम फैसला फैंस की वोटिंग के साथ-साथ आईसीसी के विशेषज्ञों और कमेंटेटरों के वोट के आधार पर लिया जाएगा, जबकि ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का ऐलान फाइनल मैच के बाद किया जाएगा। डेविड/ईएमएस 07 मार्च 2026