नई दिल्ली (ईएमएस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 का बहुप्रतीक्षित फाइनल मुकाबला 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में दोनों टीमें खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेंगी। भारतीय टीम के लिए यह मैच कई मायनों में ऐतिहासिक हो सकता है, क्योंकि सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया के पास लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप जीतने और नया रिकॉर्ड बनाने का शानदार मौका है। वहीं न्यूजीलैंड की टीम पहली बार इस प्रतिष्ठित ट्रॉफी को अपने नाम करने की कोशिश करेगी। डिफेंडिंग चैंपियन भारत इस टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में नजर आया है। टीम ने लीग स्टेज से लेकर सेमीफाइनल तक लगातार दमदार प्रदर्शन किया है। भारतीय टीम ने सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड को 7 रन से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। यह मुकाबला बेहद रोमांचक रहा था और आखिरी ओवर तक मैच का नतीजा तय नहीं हो पाया था। भारतीय गेंदबाजों ने दबाव के क्षणों में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम को जीत दिलाई और फाइनल का टिकट हासिल किया। दूसरी ओर न्यूजीलैंड ने भी टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल दिखाया है। कीवी टीम ने पहले सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 9 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई। उस मैच में न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने संतुलित प्रदर्शन करते हुए मुकाबले को पूरी तरह अपने नियंत्रण में रखा। मिचेल सैंटनर की कप्तानी में टीम आत्मविश्वास से भरी नजर आ रही है और पहली बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने का सपना साकार करने के करीब है। भारतीय टीम के लिए इस टूर्नामेंट में संजू सैमसन का प्रदर्शन बेहद अहम रहा है। उन्होंने कई महत्वपूर्ण मैचों में शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। वेस्टइंडीज के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने नाबाद 97 रन बनाए थे, जबकि इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में 89 रनों की शानदार पारी खेली थी। इन पारियों ने भारत की फाइनल तक की राह आसान बनाने में बड़ी भूमिका निभाई। हालांकि फाइनल में भारत के सामने न्यूजीलैंड की कड़ी चुनौती होगी। टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में दोनों टीमों के बीच अब तक तीन मुकाबले खेले गए हैं और तीनों में न्यूजीलैंड को जीत मिली है। ऐसे में भारतीय टीम के पास इस बार अपने पुराने रिकॉर्ड को सुधारने का भी सुनहरा मौका होगा। भारत और न्यूजीलैंड के बीच यह फाइनल मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस शाम 6:30 बजे किया जाएगा। मैच से पहले शाम 5:30 बजे एक भव्य प्री-शो आयोजित किया जाएगा, जिसमें अंतरराष्ट्रीय पॉप स्टार रिकी मार्टिन के साथ भारतीय गायक सुखबीर और फाल्गुनी पाठक अपनी प्रस्तुति देंगे। क्रिकेट प्रशंसकों को उम्मीद है कि यह फाइनल मुकाबला रोमांच और यादगार पलों से भरपूर होगा। न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड बेहद खराब टी20 विश्व कप के इतिहास में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड अच्छा नहीं रहा है। अब तक इस टूर्नामेंट में दोनों टीमों के बीच तीन मुकाबले खेले गए हैं और तीनों में न्यूजीलैंड ने जीत हासिल की है। टी20 वर्ल्ड कप में भारत और न्यूजीलैंड के बीच आखिरी मुकाबला 2021 में दुबई में खेला गया था। उस समय भारतीय टीम की कप्तानी विराट कोहली के हाथों में थी और उस मैच में न्यूजीलैंड ने भारत को 8 विकेट से हराया था। उस हार ने भारत के अभियान को भी प्रभावित किया था। हालांकि पिछले पांच सालों में दोनों टीमों में काफी बदलाव देखने को मिला है और अब कई नए खिलाड़ी टीम का हिस्सा बन चुके हैं। 2021 के उस मुकाबले में भारतीय टीम की ओर से खेलने वाले खिलाड़ियों में से केवल चार खिलाड़ी ही मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप 2026 की टीम में शामिल हैं। इनमें ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती शामिल हैं। बाकी खिलाड़ी या तो इस फॉर्मेट से संन्यास ले चुके हैं या फिर टीम से बाहर हो गए हैं। दोनों टीमें इस प्रकार हैं - भारत - सूर्यकुमार यादव (कप्तान) अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज. रिंकू सिंह और वॉशिंगटन सुंदर। न्यूजीलैंड- मिचेल सेंटनर (कप्तान), फिन एलन, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, लॉकी फॉर्ग्यूसन, मैट हेनरी, डेरिल मिचेल, जिमी निशम, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रविंद्र, टिम सईफर्ट, ईश सोढ़ी, काइल जेमिसन, कॉल मैककॉन्ची। मैच भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा। डेविड/ईएमएस 07 मार्च 2026