राज्य
07-Mar-2026
...


कोरबा (ईएमएस) सीएसपीडीसीएल समाधान योजना-2026 अंतर्गत छत्तीसगढ़ के बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार लंबे समय से बकाया बिजली बिल से परेशान लोगों को अब बड़ी राहत मिलने जा रही है। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) ने बकाया बिजली बिलों के निपटारे के लिए “समाधान योजना-2026” लागू कर दी है। इस योजना के तहत बीपीएल, घरेलू और कृषि श्रेणी के उपभोक्ताओं को बिजली बिल के सरचार्ज (अधिभार) में 100 प्रतिशत तक छूट दी जाएगी। यानी यदि किसी उपभोक्ता पर लंबे समय से बिजली बिल का अधिभार जुड़ता जा रहा था, तो अब उसे पूरी तरह माफ किया जा सकता है। बिजली कंपनी के अधिकारियों के मुताबिक, यह योजना उन उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए शुरू की गई है जिनके बिजली बिल लंबे समय से बकाया हैं। साथ ही इसका उद्देश्य पुराने बकाया की वसूली को आसान बनाना भी है। उपभोक्ता 31 मार्च तक अपने बकाया बिल जमा कर इस योजना का लाभ ले सकते हैं। # किन उपभोक्ताओं को कितनी मिलेगी छूट समाधान योजना के तहत अलग-अलग श्रेणी के उपभोक्ताओं के लिए अलग राहत तय की गई है। इसके अंतर्गत बीपीएल उपभोक्ता का मूल बकाया राशि में 75% तक छूट और सरचार्ज में 100% छूट, घरेलू उपभोक्ता का मूल राशि में 50% तक छूट और सरचार्ज में 100% छूट, कृषि उपभोक्ता (स्थायी व अस्थायी) की मूल राशि में 50% तक छूट और सरचार्ज में 100% छूट दी जा रही हैं। # किस्तों में भी जमा कर सकेंगे बकाया इस योजना की एक खास बात यह है कि उपभोक्ता को एकमुश्त भुगतान की बाध्यता नहीं होगी। यदि कोई उपभोक्ता पूरी राशि एक साथ जमा नहीं कर सकता तो वह किस्तों में भी बकाया बिजली बिल जमा कर सकता है। इसके लिए पंजीयन के समय कुल बकाया राशि का कम से कम 10 प्रतिशत जमा करना होगा। बाकी राशि तय किस्तों में जमा की जा सकेगी। * ऑनलाइन भी कर सकते हैं रजिस्ट्रेशन उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बिजली कंपनी ने ऑनलाइन पंजीयन की व्यवस्था भी की है। उपभोक्ता सीएसपीडीसीएल की आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल एप के माध्यम से घर बैठे रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। पंजीयन के बाद योजना के तहत मिलने वाली छूट स्वतः लागू हो जाएगी। 07 मार्च / मित्तल