सारंगपुर (ईएमएस) । ग्राम उदनखेड़ी में शनिवार दोपहर को खेत मे गेहूं की खड़ी फसल में आग लग जाने से सारी फसल जल कर राख हो गई । आग से कई कृषको की फसल भी चपेट मे आ गई हे बताया जा रहा है कि करीब 30 बीघा मे खडी फसल को भारी नुकसान हुआ है । बता दे कि इस आग में पूर्व जनपद अध्यक्ष और कांग्रेस नेता सहित कई किसानों की करीब 30 बीघा गेहूं की फसल जलकर खाक हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और किसान अपनी फसल बचाने के लिए खेतों की ओर दौड़ पड़े। तेज हवा से तेजी से फैली आग जानकारी के अनुसार, उदनखेड़ी के सराली रोड स्थित खेतों में शनिवार दोपहर करीब 12 बजे के दरम्यान आग लगी। उस समय तेज हवा चल रही थी, जिसके कारण आग तेजी से फैलती चली गई और आसपास के खेत भी इसकी चपेट में आ गए। आग की इस घटना में पूर्व जनपद अध्यक्ष और कांग्रेस नेता नंदलाल नागर की करीब 20 बीघा गेहूं की फसल पूरी तरह जल गई। किसान लक्ष्मीनारायण नागर के करीब साढ़े चार बीघा खेत की फसल भी आग की चपेट में आ गई। इसके अलावा आसपास के तीन से चार अन्य किसानों की फसल भी जलने की जानकारी सामने आई है। कुल मिलाकर लगभग 30 बीघा से अधिक क्षेत्र में लगी फसल नष्ट हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सारंगपुर और पचोर से दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों और किसानों ने भी अपने ट्रैक्टरों में टैंकर लगाकर खेतों तक पानी पहुंचाया और आग बुझाने में मदद की। काफी देर की कोशिश के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक काफी फसल जल चुकी थी। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण पास के खेत में लगी बिजली की डीपी में शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। सूचना मिलने पर पटवारी, ग्राम पंचायत सचिव और पुलिस भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। वहीं प्रभावित किसानों ने शासन से उचित मुआवजा देने की मांग की है। नरेन्द्र जैन/07 मार्च2026