दुमका(ईएमएस)।एनएच–133 सड़क मार्ग पर दिग्घी गांव के समीप शनिवार देर शाम भीषण सड़क हादसे में दो बाइक सवार युवकों की मौत हो गयी। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी।एक युवक बाइक समेत ट्रक के नीचे फंस गया।घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजेंद्र यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद ट्रक के नीचे फंसे शव को बाहर निकाला गया।समाचार लिखे जाने तक दोनों मृतकों की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने मिनी ट्रक को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।स्थानीय लोगों के अनुसार आशंका जतायी जा रही है कि दोनों युवक कोठिया हाट से अपने घर लौट रहे थे।इसी दौरान दिग्घी गांव के पास तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।मृतकों के झोले से दो जोड़ी कबूतर भी बरामद हुए हैं।इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि दोनों हाट से कबूतर खरीदकर घर लौट रहे थे।पुलिस मृतकों की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। कर्मवीर सिंह/07मार्च/26