क्षेत्रीय
07-Mar-2026
...


ग्वालियर ( ईएमएस ) । आज ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र के सभी कांग्रेस पार्षदों की एक महत्वपूर्ण बैठक वार्ड क्रमांक 08 के पार्षद मनोज राजपूत के कार्यालय पर आयोजित की गई। बैठक में शहर की विभिन्न जनसमस्याओं, संगठन को मजबूत बनाने तथा आने वाले समय में आम जनता के मुद्दों को लेकर किए जाने वाले आंदोलनों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव ने कहा कि ग्वालियर शहर में बढ़ती जनसमस्याओं, मूलभूत सुविधाओं की कमी, पेयजल, सफाई और विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस पार्टी लगातार जनता के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्षद जनता की आवाज को मजबूती के साथ नगर निगम और प्रशासन तक पहुंचाने का काम करेंगे। कांग्रेस पार्टी आने वाले समय में शहर की समस्याओं को लेकर चरणबद्ध आंदोलन करेगी ताकि आम जनता को राहत मिल सके। उन्होंने सभी पार्षदों से कहा कि वे अपने-अपने वार्डों में जनता के बीच सक्रिय रहकर उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाएं और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा ने सभी पार्षदों से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा आमजन की आवाज को पूरी मजबूती के साथ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता के हितों की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी जनसमस्याओं को लेकर संघर्ष करती रहेगी। बैठक में सभी पार्षदों ने एकजुट होकर शहर की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करने तथा कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। *सृष्टि गोयल के यूपीएससी में सफल होने पर कांग्रेस ने घर पहुंचकर दी बधाई* ग्वालियर 7 मार्च। मुरार निवासी श्री सुनील गोयल जी की सुपुत्री सृष्टि गोयल द्वारा संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रतिष्ठित परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 160 प्राप्त कर शानदार सफलता हासिल करने पर आज शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव उनके निवास पर पहुँचे। इस अवसर पर उन्होंने सृष्टि गोयल एवं उनके परिजनों को पुष्पगुच्छ भेंट कर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा इस गौरवपूर्ण उपलब्धि की खुशियाँ साझा कीं। इस अवसर पर सुरेन्द्र यादव ने कहा कि सृष्टि गोयल की यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उनकी मेहनत, लगन और समर्पण निश्चित रूप से युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने ईश्वर से सृष्टि गोयल के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा व्यक्त की कि वे भविष्य में देश और समाज की सेवा करते हुए ग्वालियर एवं प्रदेश का नाम और अधिक रोशन करेंगी।