ग्वालियर ( ईएमएस ) । अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर आज दिनांक 07.03.2026 को जिला पुलिस ग्वालियर द्वारा होटल रमाया में महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। सम्मान समारोह का मुख्य अतिथि कलेक्टर ग्वालियर श्रीमती रूचिका चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह(भापुसे) द्वारा शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर अति. पुलिस अधीक्षक(पूर्व) श्रीमती विदिता डागर(भापुसे), अति. पुलिस अधीक्षक(मध्य/यातायात) श्रीमती अनु बेनीवाल(भापुसे), अति0 पुलिस अधीक्षक(पश्चिम/यातायात) श्रीमती सुमन गुर्जर(रापुसे) सहित जिले की समस्त महिला पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह(भापुसे) ने सभी महिला पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में महिलाओं को सदैव सम्मान व पूजनीय स्थान प्राप्त रहा है। वर्तमान समय में महिलाएं प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर समाज में सशक्त भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में कार्यरत महिला अधिकारी व कर्मचारी न केवल स्वयं सशक्त हैं, बल्कि उन्हें समाज की अन्य महिलाओं को भी सशक्त बनाने की दिशा में कार्य करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस के पास आने वाली पीड़ित महिलाओं एवं कमजोर वर्ग के लोगों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनकर उनकी मदद करना हमारी जिम्मेदारी है, जिससे समाज में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण निर्मित हो सके। इस अवसर पर कलेक्टर ग्वालियर श्रीमती रूचिका चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि वास्तव में वर्ष का प्रत्येक दिन महिला दिवस के समान ही है, क्योंकि महिलाओं के बिना परिवार और समाज की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने महिला पुलिस अधिकारियों से कहा कि पुलिस विभाग में कार्यरत होने के कारण उनकी जिम्मेदारी और भी अधिक बढ़ जाती है। उन्हें महिलाओं एवं आमजन के लिए सुरक्षित वातावरण बनाने की दिशा में निरंतर कार्य करना चाहिए। उन्होंने सभी उपस्थित महिला पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर एवं कलेक्टर ग्वालियर द्वारा ग्वालियर जिले की उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस सम्मान समारोह में थानों, ऊर्जा डेस्क, एसपी कार्यालय की विभिन्न शाखाओं, पुलिस लाइन ग्वालियर सहित विभिन्न इकाइयों में पदस्थ महिला अधिकारी एवं कर्मचारियों को उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिला पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों द्वारा अपने कार्य अनुभवों को भी साझा किया गया, जिसमें उन्होंने पुलिस सेवा के दौरान प्राप्त अनुभवों और चुनौतियों के बारे में बताया। कार्यक्रम के अंत में अति. पुलिस अधीक्षक श्रीमती विदिता डागर(भापुसे), श्रीमती अनु बेनीवाल(भापुसे) एवं श्रीमती सुमन गुर्जर(रापुसे) द्वारा कलेक्टर ग्वालियर एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। *महिला सम्मान समारोह के माध्यम से जिला पुलिस ग्वालियर द्वारा महिला सशक्तिकरण, सम्मान और सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः व्यक्त किया गया।*