क्षेत्रीय
07-Mar-2026


राजनीति: एक साल के लिए झुनझुना पकड़ने अब तैयार नहीं इच्छुक छिंदवाड़ा (ईएमएस)। नगरीय निकायों के नए चुनाव अगले साल होने वाले हैं। पांच साल के लिए काम करने वाले इन निकायों को चार साल हो चुके हैं लेकिन सरकार अब तक एल्डरमेन यानि नामांकित पार्षदों की नियुक्ति नहीं कर सकी है। छिंदवाड़ा नगर निगम में आठ एल्डरमेनों की जगह तय है। इस पद के लिए पहले इच्छुक नेताओं ने खूब हाथ पैर मारे लेकिन इनमें से ज्यादातर अब एल्डरमेन नहीं बनना चाहते। इनका कहना है कि एक साल के लिए सरकार झुनझुना पकड़ाने की फिराक में है जिसका कोई मतलब नहीं। ऐसे कई चेहरे हैं जो इस पद को पाने के लिए जहां लोगों के काम करवाने निगम के चक्कर लगाते दिख रहे थे और पार्टी कार्यालय और पदाधिकारियों के आसपास रहकर अपनी सक्रियता दिखा रहे थे वे अब कम दिखाई दे रहे हैं। ध्यान रहे एल्डरमैन की नियुक्ति स्थानीय निकायों में राजनीतिक संतुलन बनाने और संगठन के सक्रिय कार्यकर्ताओं को अवसर देने का एक महत्वपूर्ण माध्यम होती है। छिंदवाड़ा में भी स्थानीय स्तर पर पार्टी संगठन तक सिफारिशें भेजी जा चुकी हैं, लेकिन अंतिम सूची अभी तक जारी नहीं हुई है। खबरें मिल रहीं है कि सरकार स्तर पर नामों को लेकर मंथन चल रहा है। अलग-अलग क्षेत्रों से आए दावेदारों के बीच संतुलन बनाने और सामाजिक समीकरणों को साधने के प्रयास में निर्णय लगातार टल रहा है। इसी वजह से सूची जारी करने में देरी हो रही है। इधर एल्डरमैन बनने की उम्मीद में चार साल से सक्रिय रहे नेताओं केा यह इंतजार खलने लगा है। अब उनमें निराशा बढ़ने लगी है। संगठन के पदाधिकारी इस मामले में भोपाल से होने वाली प्रक्रिया का कह कर चुप्पी साध रहे हैं। यह सच भी है कि उनके हाथ में भी कुछ नहीं है। अब नियुक्त होने वाले एल्डरमेन बाकी बचे समय में निकायों का क्या भला कर सकेंगे यह तो सरकार भी समझ रही है लेकिन राजनीतिक समीकरणों को साधने के लिए ये नियुक्तियां संगठन के आला पदाधिकारी जरूरी भी मान रहे हैं। देखना यह है कि सरकार कब तक इन नियुक्तियों की घोषणा करती है और किस-किस को मौका मिलता है। ईएमएस/मोहने/ 07 मार्च 2026