ग्वालियर ( ईएमएस ) । नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के आयुक्त संकेत भोंडवे ने भोपाल से वर्चुअली एवं ईएनसी श्री प्रदीप मिश्रा ने नगर निगम में संचालित विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से सड़कों के निर्माण और मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई। साथ ही संपत्तिकर एवं जलकर वसूली पूरी क्षमता के साथ करने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक के दौरान नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय, अपर आयुक्त टी प्रतीक राव, प्रदीप सिंह तोमर, अपर आयुक्त वित्त श्रीमती रजनी शुक्ला, अधीक्षण यंत्री जे पी पारा, कार्यपालन यंत्री श्री संजीव गुप्ता, श्री सुशील कटारे, आर के शुक्ला सहित संबंधित विभाग अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में आयुक्त नगरीय प्रशासन श्री भोंडवे ने कहा कि गारंटी पीरियड की सड़कों का निर्माण बहुत अच्छी गुणवत्ता के साथ कराया जाए। इसके साथ ही सीसी रोड इतनी अच्छी गुणवत्ता की बने कम से कम 50 साल चले। साथ ही जो एजेंसी सड़क खराब करेगी उसी गुणवत्ता के साथ उसी से उसे ठीक कराये और उसकी लैब से जांच कराए। इसके साथ ही बैंक गारंटी अब ई गारंटी ही मान्य की जाए। अब 1 अप्रैल 2026 से नगर निगम ग्वालियर में ई ऑफिस के माध्यम से ही कार्य कराया जाए। वही कचरा प्रबंधन को लेकर आवश्यक कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। वही ईएनसी श्री मिश्रा ने कहा कि नगर में किए जा रहे सभी विकास कार्य निर्धारित मानकों और समय-सीमा के अनुरूप पूर्ण होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क निर्माण में उपयोग होने वाली सामग्री की गुणवत्ता का नियमित परीक्षण किया जाए, ताकि आमजन को बेहतर और टिकाऊ सड़कें उपलब्ध हो सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित एजेंसियों और अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने निर्माण कार्यों की सतत मॉनिटरिंग करने और कार्यस्थलों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए। बैठक में नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि शहर में सड़क निर्माण, नाली निर्माण, स्वच्छता व्यवस्था तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। सीएनसी श्री मिश्रा ने कहा कि नगर विकास से जुड़े कार्य सीधे आमजन के जीवन को प्रभावित करते हैं, इसलिए इन कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नागरिकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। इसके साथ ही पानी की लाइन जहां भी खराब है उसको बदलने के प्रस्ताव शासन को भेजें इसके साथ ही सीवर समस्या के संबंध में भी विस्तार से चर्चा की गई।