:: लक्जरी डिनर और सस्ते टूर का झांसा देकर करते थे शिकार; सूरत से संचालित हो रहा था नेटवर्क :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर क्राइम ब्रांच ने टूर एंड ट्रैवल कंपनी की आड़ में लोगों को अपना शिकार बनाने वाले एक बड़े ठग गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जो सस्ते टूर पैकेज का लालच देकर क्रेडिट कार्ड के जरिए लोगों से लाखों की धोखाधड़ी कर रहे थे। आरोपी खुद को नामी टूर एंड ट्रैवल कंपनियों का प्रतिनिधि बताकर लोगों से संपर्क करते थे। लोगों का भरोसा जीतने के लिए ये ठग उन्हें शहर के किसी बड़े होटल में डिनर मीटिंग के लिए बुलाते थे। इस दौरान वे देश-विदेश के आकर्षक टूर पैकेज और भारी छूट का लालच देकर लोगों को तुरंत भुगतान करने के लिए प्रेरित करते थे। ठग गिरोह का मुख्य हथियार क्रेडिट कार्ड था। वे लोगों पर जल्दी फैसला लेने का दबाव बनाते और भुगतान कार्ड के जरिए ही लेते थे। एक बार पैसे ट्रांसफर हो जाने के बाद ये आरोपी धीरे-धीरे संपर्क बंद कर देते और अंततः फरार हो जाते थे। पुलिस ने शाहिद, रिजवान, जुनैद और आकाश नाम के चार आरोपियों को हिरासत में लिया है। सभी आरोपी मूल रूप से गुजरात के सूरत के रहने वाले बताए जा रहे हैं। क्राइम ब्रांच ने इन आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना निशाना बनाया है। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान ट्रैवल एजेंसी के लुभावने ऑफर्स या कम कीमत के पैकेज के झांसे में न आएं। किसी भी ट्रांजेक्शन से पहले कंपनी की आधिकारिक वैधता की जांच जरूर कर लें। प्रकाश/07 मार्च 2026