राज्य
07-Mar-2026


भोपाल (ईएमएस) । अयोध्या नगर स्थित अरेड़ी के पास कंचन खदान में एक तेज रफ्तार कार फेंसिंग का तार और खंबे को तोड़ते हुए पानी में जा गिरी। हादसे में कार चालक की मौत हो गई। जबकि दो युवक घायल हो गए। पानी में डूबी कार को क्रेन की मदद से बाहर निकाला लिया गया। हादसा शनिवार की शाम करीब 5:30 बजे का है। रविवार को गांधी मेडिकल कॉलेज की मोरचुरी में बॉडी का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। अयोध्या नगर थाने के प्रभारी महेश लिल्लारे ने बताया कि 24 वर्षीय रोहित माली पिता संतोष माली की तेज रफ्तार कार से शनिवार की शाम अरेड़ी क्रेशर बस्ती कंचन खदान के करीब से गुजर रहा था। तभी उसकी कार अनियंत्रित होने के बाद खदान की फेंसिंग और खंबे को तोड़ती हुई पानी में जा गिरी। स्थानीय लोगों ने तत्काल मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस और नगर निगम की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन कर युवक को पानी से बाहर निकाला। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद नगर निगम की क्रेन की मदद से कार को भी पानी से बाहर निकला गया टीआई के मुताबिक कार रोहित ही चला रहा था। ड्राइविंग के समय उसने सीट बेल्ट लगा रखी थी। इसलिए कार के डूबने के बाद वह गाड़ी में ही फंस गया, जबकि उसके दोनों दोस्त किसी तरह कार से बाहर निकलने में कामयाब रहे। खदान के जिस हिस्से में कार गिरी थी, वहां करीब 8 से 10 फीट पानी भरा हुआ था। बस्ती के लोगों ने तुरंत दोनों युवकों को बाहर निकाल लिया, जबकि रोहित को पुलिस के पहुंचने के बाद बाहर निकाला जा सका। पुलिस टीम ने उसे सीपीआर भी दिया, लेकिन उसके शरीर में कोई हलचल नहीं थी। आनन-फानन में उसे पास के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ईएमएस/07मार्च2026