दो सड़क हादसों में दो की चली गई जान, दो घायल छिंदवाड़ा (ईएमएस)। जिले में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे है। पुलिस लगातार रफ्तार कम करने को लेकर जागरूकता अभियान चला रही है। बावजूद इसके सड़क हादसे कम नहीं हो रहे हैं। शनिवार को सड़क हादसों के दो मामले सामने आए। पहला मामला बटका खापा थाना क्षेत्र का है, जबकि दूसरा जुन्नारदेव थाना क्षेत्र में सामने आया है। दोनों ही हादसों में दो लोगों को अपनी जान गवानी पड़ी, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों मामलों में पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है। पहली घटना बटकाखापा थाना क्षेत्र के ग्राम धनौरा की है। यहां रहने वाले लोकमान पिता चैतराम डेहरिया (४५) शनिवार सुबह अपनी बाइक से झिरना की तरफ जा रहा था। उधर सामने से आ रहे टै्रक्टर चालक ने तेज लापरवाही पूर्वक चलाते हुए उसे टक्कर मार दी। हादसा इतना दर्दनाक था की, मौके पर ही लोकमान की मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा और पोस्टमार्टम कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मेले से लौट रहे बाइक सवार को टै्रक्टर ने मारी टक्कर दूसरा मामला जुन्नारदेव के पंचायत खारी हनुमान मंदिर के समीप का है। यहां भी एक ट्रैक्टर चालक ने तेज रफ्तार से चलाते हुए बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए जुन्नारदेव अस्पताल लाया गया। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार खारी निवासी नितेश उइके (१९) अपना दोस्त अजय के साथ रैनी मेला गए थे। जहां से वे देर शाम लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे टै्रक्टर ने बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में नितेश उइके की मौत हो गई, जबकि उसका साथी अजय गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए उसे जुन्नारदेव अस्पताल में भर्ती कराया गया। ईएमएस/मोहने/ 07 मार्च 2026