क्षेत्रीय
07-Mar-2026


छिंदवाड़ा (ईएमएस)। जिले के कोयलांचल क्षेत्र में चर्चित कोलड्रिफ कफ सिरप कांड में विशेष जांच दल (एसआईटी) ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए परासिया के दो डॉक्टरों को गिरफ्तार कर लिया। 24 बच्चों की मौत से जुड़े इस मामले में जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। कोलड्रिफ कफ सिरप कांड में एसआईटी की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। गिरफ्तार डॉक्टरों में डॉ. अमन सिद्दीकी और डॉ. एस.एस. ठाकुर के नाम शामिल हैं। बताया जा रहा है कि कोलड्रिफ कफ सिरप के सेवन से 24 बच्चों की मौत के मामले की जांच विशेष जांच दल (एसआईटी) द्वारा पिछले ६ महीनों से की जा रही है। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और दस्तावेजों के आधार पर दोनों डॉक्टरों की भूमिका सामने आने पर उनकी गिरफ्तारी की गई। इससे पहले भी कोल्ड्रिप कफ सिरप मामले में परासिया के डॉ. प्रवीण सोनी, उनकी पत्नी ज्योति सोनी कंपनी के मालिक गोविंदन रंगनाथन सहित कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जो पिछले करीब छह महीनों से जेल में बंद हैं। इन दोनों डॉक्टरों पर कार्रवाई को लेकर जबलपुर एक्सप्रेस ने लगातार खबरें प्रकाशित की थी। इस मुद्दे को जबलपुर एक्सप्रेस ने प्रमुखता से उठाया था। एसआईटी ने जांच के बाद उक्त कार्रवाई की है। गौरतलब है कि जिले में कोल्ड्रिफ के जहरीले कफ सिरप से २४ से अधिक मासूम बच्चों की मौत हो चुकी है। इस मामले में कोल्ड्रिफ कंपनी के मालिक गोविंदन रंगनाथन सहित कंपनी की फार्मासिस्ट और इस दवा को लिखने वाले परासिया के डॉ प्रवीण सोनी, मेडिकल संचालित करने वाली उनकी पत्नी ज्योति सोनी सहित अब तक ९ लोगों को आरोपी बनाया गया है। अब दो और डॉक्टरों की गिरफ्तारी के बाद मामले में आरोपियों की संख्या बढ़कर १३ हो गई है और जांच एजेंसियां अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही हैं। पीड़ित परिवार ने ली राहत की सांस कोल्ड्रिफ कफ सिरप से हुई २४ बच्चों की मौत के बाद परिजन लगातार इन दोनों डॉक्टरों पर कार्रवाई की मांग लंबे समय से कर रहे थे। शनिवार को जैसे ही डॉक्टर ठाकुर और डॉक्टर सिद्दीकी की गिरफ्तारी की खबर पीड़ित परिवारों को मिली तो उन्होंने काफी हद तक राहत की सांस ली है। पूरे कोयलांचल क्षेत्र में इस मामले को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म था। दोनों डॉक्टरों की गिरफ्तारी के लोगों की नजरें अब आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं। गिरफ्तारी के लिए एसआईटी को लग गए ६ माह कोल्ड्रिफ कफ सिरप से हुई २४ बच्चों की मौत के बाद इन बच्चों के इलाज के दौरान परासिया के डॉ. प्रवीण सोनी के बाद डॉ अमन सिद्दीकी और डॉ एसएस ठाकुर ने ही अपने प्रिस्क्रिप्शन में बच्चों को कोल्ड्रिफ कफ सिरप लिखा था और पीड़ित परिवार लगातार बच्चों की मौत के बाद इन दोनों डॉक्टरों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। एसआईटी टीम इन्हें लगातार कार्रवाई का आश्वासन दे रही थी। इसके चलते एसआईटी को इन दोनों डॉक्टरों के खिलाफ साक्ष्य इक_े करने और कार्रवाई करने में ६ माह का समय लग गया। इनका कहना है दोनो चिकित्सकों की पूर्व से ही जांच चल रही थी। जांच के दौरान आए साक्ष्यों के आधार पर डॉ अमन सिद्दीकी और डॉ एसएस ठाकुर के खिलाफ प्ररकण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। जितेंद्र जाट एसडीओपी परासिया ईएमएस/मोहने/ 07 मार्च 2026