सोशल मीडिया पर पुलिस की कड़ी नजर, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई छिंदवाड़ा (ईएमएस)। अमरवाड़ा के सोनपुर गांव में शुक्रवार को माता मंदिर के चैनल गेट में हरा झंडा फहराकर सांप्रदायिक माहौल को बिगाड़ने का प्रयास करने वाले आरोपी को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर उसे जेल भेज दिया है। इधर आरोपी के पकड़े जाने के बाद क्षेत्र में हालात नियंत्रण में है और पुलिस सोशल मीडिया पर नजर बनाए हुए है। पुलिस का कहना है कि अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। अमरवाड़ा टीआई राजेंद्र धुर्वे ने बताया कि सोनपुर में हालात सामान्य है। झंडा फिराने वाला आरोपी कासिफ उर्फ मुलई जो कि आदतन शराबी है, और शराब के नशे में उसने उक्त हरकत की थी, जिसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। गौरतलब है कि शुक्रवार को अमरवाड़ा के सोनपुर माता मंदिर के चैनल गेट पर एक सिरफिरे युवक ने हरा झंडा फहरा दिया था। इस दृश्य को देखकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और देखते ही देखते माहौल गरमा गया। खबर के बाद हिंदुवादी संगठन के पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की थी। सोनपुर के तनावपूर्ण महौल की जानकारी मिलते ही एएसपी आशीष खरे और अमरवाड़ा टीआई दलबल के साथ मौके पर पहुंच कर लोगों को समझाईश देकर लोगों से शांति की अपील करते हुए मंदिर परिसर से झंडा व कपड़ा हटाकर स्थिति सामान्य की गई थी और मामले की गंभीरता को देखते हुए रक्षित केंद्र और आसपास के थानों का बल को सोनपुर में तैनात किया गया था। पुलिस के लगातार प्रयास और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं। इनका कहना है... सोनपुर में शुक्रवार सुबह हुई इस घटना के बाद किसी भी अप्रिय स्थिति से निबटने के लिए सोनपुर में माता मंदिर के आसपास पुलिस बल तैनात है। पुलिस हर स्थिति पर नजर बनाए हुए है। अफवाह फैलाने वालों से पुलिस सख्ती से निपटेगी। राजेंद्र धुर्वे टीआई अमरवाड़ा ईएमएस/मोहने/ 07 मार्च 2026