क्षेत्रीय
07-Mar-2026


सांसद विवेक बंटी साहू व जनप्रतिनिधियों ने सुरक्षा के साथ कार्य करने का दिया संदेश छिंदवाड़ा (ईएमएस)। विद्युत वितरण कंपनी द्वारा शनिवार को खजरी चौक स्थित प्रशासनिक भवन में लाइनमैन दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद विवेक बंटी साहू भाजपा जिला अध्यक्ष शेषराव यादव एवं अन्य जनप्रतिनिधियों तथा वृत्त के अधीक्षण अभियंता द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले 44 लाइनमैनों को सांसद विवेक बंटी साहू, शेषराव यादव, नगर निगम महापौर अहके तथा अधीक्षण अभियंता सुनील कुमार सिन्हा द्वारा मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर फूल-माला पहनाकर सम्मानित किया गया। सांसद श्री साहू ने सभी लाइन कर्मचारियों को संबोधित करते हुए सुरक्षित तरीके से कार्य करने के लिए प्रेरित किया तथा जिले में गुणवत्तापूर्ण विद्युत प्रदाय सुनिश्चित करने के लिये उनका आभार व्यक्त किया। साथ ही सभी लाइन कर्मचारियों को विद्युत सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गई। अधीक्षण अभियंता श्री सिन्हा द्वारा कंपनी के प्रबंध संचालक अजय गुप्ता (आई.ए.एस.) का संदेश भी वाचन किया गया। इस अवसर पर कार्यालय द्वारा नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें कर्मचारियों के स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और आपात स्थिति में जीवनरक्षक प्रक्रिया सीपीआर के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। ईएमएस/मोहने/ 07 मार्च 2026