सागर/गौरझामर (ईएमएस)। पुलिस अधीक्षक विकाश कुमार शाहवाल के निर्देशन में जिले में अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना गौरझामर पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से शराब परिवहन कर रहे एक आरोपी को पकड़कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में देशी शराब एवं वाहन जब्त किया है। पुलिस अधीक्षक विकाश कुमार शाहवाल के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब की रोकथाम हेतु लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिंहा सीडीओ पी रहली श्री प्रकाश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना गौरझामर पुलिस को 08 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि सरखेड़ा रोड एमपी नगर कॉलोनी के पास एक वाहन से अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर फोर व्हीलर वाहन क्रमांक MP04YL9463 को रोककर जांच की। वाहन चालक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम सुनील पिता बद्री प्रसाद लोधी, उम्र 32 वर्ष, निवासी बीजासेन मोहल्ला गौरझामर जिला सागर बताया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 12 पेटी लाल देशी मसाला मदिरा बरामद हुई, जिनमें प्रत्येक पेटी में 180 एमएल की शराब भरी हुई थी। कुल मिलाकर 108 बल्क लीटर अवैध शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 60,000 रुपये आंकी गई।पुलिस द्वारा आरोपी से शराब रखने एवं परिवहन करने के संबंध में वैध लाइसेंस की मांग की गई, परंतु वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर थाना गौरझामर पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12 पेटी अवैध शराब एवं वाहन क्रमांक MP04YL9463 जब्त कर आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को गिरफ्तार कर विवेचना में लिया है। सराहनीय पुलिस टीम इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी गौरझामर नासिर फारूकी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्परता और सतर्कता का परिचय दिया। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक 856 प्रमोद सोनकर, प्रधान आरक्षक 86 रवि राय, प्रधान आरक्षक 960 सुधीर रिछारिया, आरक्षक 734 शिवप्रताप, आरक्षक 1810 मुकेश, आरक्षक 123 अरुण, आरक्षक 208 प्रमोद, आरक्षक 482 दुर्गेश एवं आरक्षक 101 नीतू रघुवंशी का सराहनीय योगदान रहा। सागर पुलिस द्वारा अवैध शराब के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। सागर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध इसी प्रकार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी तथा कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निखिल सोधिया/ईएमएस/09/03/2026