अंतर्राष्ट्रीय
09-Mar-2026
...


रियाद,(ईएमएस)। ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच जारी भीषण संघर्ष के बीच भारत के लिए राहत की खबर आई है। रविवार को सऊदी अरब के अल खर्ज शहर पर ईरानी मिसाइल हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत की रिपोर्टें आई थीं, लेकिन इंडिया के रियाद स्थित दूतावास ने सोमवार को इसे पूरी तरह खारिज कर दिया। दूतावास ने बताया कि हमले में कोई भारतीय नागरिक नहीं मारा गया है और घायल व्यक्ति का इलाज जारी है। भारतीय मिशन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, राहत की बात है कि कल शाम अल खर्ज में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना में किसी भारतीय की मौत नहीं हुई। दूतावास ने यह भी कहा कि वह सऊदी अधिकारियों के संपर्क में है और घटना की स्थिति पर करीब से नजर बनाए हुए है। घटना के तुरंत बाद काउंसलर वाय सबीर ने देर रात अल खर्ज का दौरा किया और घायल नागरिक से मुलाकात की। यह जानकारी उन प्रारंभिक रिपोर्टों के बाद आई है, जिनमें दावा किया गया था कि मिसाइल हमले में दो लोग मारे गए, जिनमें एक भारतीय और एक बांग्लादेशी शामिल थे। सऊदी सिविल डिफेंस के जनरल डायरेक्टरेट ने भी शुरुआत में दो विदेशी नागरिकों की मौत की बात कही थी। हालांकि अब यह स्पष्ट हो गया है कि भारतीय नागरिक सुरक्षित हैं। इस बीच, सऊदी अरब में भारत के राजदूत सुहेल एजाज खान ने रविवार को भारतीय समुदाय के प्रतिनिधियों से डिजिटल माध्यम से बात की और सहायता का भरोसा दिलाया। राजदूत ने कहा कि दूतावास जरूरतमंद नागरिकों को हरसंभव मदद प्रदान करने के लिए तैयार है। उन्होंने 24 घंटे सक्रिय नियंत्रण कक्ष की स्थापना और त्वरित सहायता की पहल के बारे में भी जानकारी दी। भारतीय मिशन ने अपने नागरिकों को सतर्क रहने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है। लोगों से कहा गया है कि वे स्थानीय अधिकारियों की हिदायतों को ध्यानपूर्वक मानें और घबराएं नहीं। साथ ही, भारत और सऊदी अरब की एयरलाइन कंपनियों ने जेद्दा और मदीना में अपनी सामान्य उड़ानें फिर से शुरू कर दी हैं, जिससे नागरिकों को यात्रा में सुविधा मिल रही है। वीरेंद्र/ईएमएस/09मार्च2026