राज्य
09-Mar-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर में दो बहनों की हत्या के मामले में प्रारंभिक जांच से पता चला है कि अकेलापन और खराब पारिवारिक संबंध घटना का कारण हो सकते हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मां और बेटियों का परिवार से कम मेलजोल था, जिससे वे अवसादग्रस्त हो सकती थीं। मालवीय नगर के एफ ब्लाॅक स्थित एक घर में दो बहनों के डबल मर्डर की आरंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि अकेलेपन और परिवार के सदस्यों के साथ खराब रिश्तों की वजह से यह घटना हुई होगी। पुलिस सूत्रों ने कहा कि महिला और उसकी बेटियों का परिवार के दूसरे सदस्यों से बहुत कम मिलना-जुलना होता था। वे ज्यादातर घर के ग्राउंड फ्लोर पर ही रहती थीं, बहुत कम बाहर निकलती थीं। जांच करने वालों का मानना है कि इस अकेलेपन की वजह से वे अवसाद से घिर गए थे। महिला का अभी भी अस्पताल में उपचार में चल रहा है और कोई बयान दर्ज नहीं किया गया। पुलिस आर्थिक दिक्कतों की भी जांच कर रही थी, पर उनके पति ने पुलिस को बताया कि वे ठीक से गुजारा कर रहे हैं। घटना की जानकारी बृहस्पतिवार को तब मिली जब पति सुधीर अरोड़ा शाम करीब पांच बजे घर लौटे और दरवाजा खटखटाते रहे, पर किसी ने नहीं खोला। वह घर के पीछे भी गए, लेकिन फ्लैट में अंदर नहीं जा सके। उन्होंने चाबी बनाने वालों से संपर्क करने की कोशिश की, पर पता चला कि वे दरवाजा नहीं खोल सकते। एक पड़ोसी ने बताया कि आस-पास के लोग भी आ गए और आधे घंटे बाद पुलिस से संपर्क किया गया। मालवीय नगर के फ्लैट में कुचले हुए नेफ्थलीन बाॅल्स और इस्तेमाल की हुई क्रैप बैंडेज मिला है। पुलिस को शक है कि छोटी बेटी का क्रेप बैंडेज से गला घोंटा गया था। बड़ी बेटी का तकिये से मुंह दबाया गया था। पुलिस ने कहा कि उन्हें संघर्ष के निशान मिले हैं जो गला घोंटने के संकेत देते हैं। सूत्रों ने बताया कि नेफ्थलीन बाल्स के मिक्सचर का इस्तेमाल शायद बेटियों में से किसी एक को बेहोश करने के लिए किया गया था। यह भी हो सकता है कि मां ने भी इसे खा लिया हो। पुलिस सूत्रों ने आगे कहा कि हमें यही शक है। हम बहनों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट और इलाज करा रही महिला की मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/09/मार्च/2026