राज्य
09-Mar-2026
...


जयपुर,(ईएमएस)। राजस्थान में पिछले 24 घंटों के भीतर दो ऐसी घटनाएं सामने आई हैं जिन्होंने कानून-व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। राजधानी जयपुर के बस्सी इलाके में जहाँ एक तेज रफ्तार कार ने खुशियों भरे शादी के माहौल को मातम में बदल दिया, वहीं जालोर जिले में पारिवारिक रंजिश के चलते एक दामाद ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। इन दोनों वारदातों ने पूरे प्रदेश को स्तब्ध कर दिया है। जयपुर के बस्सी क्षेत्र स्थित दामोदरपुरा में शनिवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब मायरा (भात) की रस्म के दौरान डीजे पर नाच रहे लोगों को एक बेकाबू कार ने रौंद दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, परिवार के लोग जश्न मनाते हुए आगे बढ़ रहे थे, तभी अचानक आई एक तेज रफ्तार कार भीड़ में जा घुसी। कार की गति इतनी अधिक थी कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। इस भीषण हादसे में कुल 19 लोग घायल हुए हैं। चीख-पुकार के बीच घायलों को तुरंत स्थानीय उप जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से गंभीर रूप से जख्मी लोगों को बेहतर इलाज के लिए जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। दूसरी तरफ, जालोर जिले के डूंगरी गांव से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ सोहनलाल नामक एक व्यक्ति ने अपनी ही सास पर कैंची से जानलेवा हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी का अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष के साथ पिछले एक साल से विवाद चल रहा था। कई बार पंचायत और सामुदायिक स्तर पर समझाइश के बावजूद जब विवाद नहीं सुलझा, तो सनकी दामाद ने प्रतिशोध में अपनी सास की नाक काट दी और कटा हुआ हिस्सा लेकर मौके से फरार हो गया। इस खौफनाक वारदात के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने पीड़ित महिला को अस्पताल में भर्ती कराया है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही है। वीरेंद्र/ईएमएस/09मार्च2026